झींकपानी के जंगल में हाथी की रहस्यमयी मौत, दांत गायब होने से तस्करी की आशंका

News Saga Desk

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत झींकपानी के सागरकट्टा–रोंमारा गांव के बीच स्थित जंगल में बुधवार को एक हाथी की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। जंगल में हाथी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है।

ग्रामीणों ने जताई अवैध शिकार की आशंका

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि हाथी की मौत प्राकृतिक नहीं, बल्कि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार हाथी का एक दांत काटकर तस्कर अपने साथ ले गए हैं, जिससे अवैध शिकार की आशंका और गहरी हो गई है। बताया जा रहा है कि शव के पास दांत काटे जाने जैसे निशान भी दिखाई दे रहे हैं।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा वन विभाग

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित किया। सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। टीम ने हाथी के शव का निरीक्षण कर प्रारंभिक साक्ष्य जुटाए हैं।

जांच के बाद होगी मौत के कारणों की पुष्टि

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हाथी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या इसमें अवैध शिकारियों की संलिप्तता है। इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्र में हाथी दांत तस्करी की सक्रियता पर सवाल उठाते हुए गश्त बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Read More News

अमेरिका दौरे पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर, व्यापार समझौते के बाद उच्चस्तरीय बैठकों से भारत-अमेरिका रिश्तों को मिली नई गति

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने मंगलवार को अपने तीन दिवसीय अमेरिका दौरे की शुरुआत की। वॉशिंगटन...

Read More