जामताड़ा के जीतू डंगल गांव में नशेड़ी युवक ने काम से लौट रहे काजल सिंह पर कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी चौकीदार का बेटा है जो 20 दिन पहले ही जेल से छूटा था।
जामताड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जीतू डंगल गांव में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। काम से अपने घर लौट रहे स्थानीय निवासी काजल सिंह पर एक नशेड़ी युवक ने अचानक कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में काजल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, काजल सिंह शुक्रवार देर रात अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान जीतू डंगल गांव के पास अत्यधिक नशे की हालत में मौजूद एक युवक ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इससे पहले कि काजल सिंह कुछ समझ पाते, आरोपी ने अपने पास रखी कैंची निकालकर उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में घायल काजल सिंह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े और चीख-पुकार मचाने लगे।

परिजनों ने घायल को सदर अस्पताल में कराया भर्ती : शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने खून से लथपथ हालत में पड़े काजल सिंह को आनन-फानन में उठाकर सदर अस्पताल, जामताड़ा में भर्ती कराया। डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वारदात को अंजाम देकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर ही खदेड़कर दबोच लिया। इस दौरान हुई हाथापाई और पकड़-धकड़ में आरोपी को भी मामूली चोटें आईं। ग्रामीणों ने स्थिति पर नियंत्रण रखते हुए आरोपी को तुरंत जामताड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
चौकीदार का बेटा है आरोपी, 20 दिन पहले ही जेल से आया था बाहर : पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी की पहचान मो. तस्लीम शेख उर्फ राजा शेख के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जामताड़ा थाने में ही तैनात एक चौकीदार का बेटा है। इतना ही नहीं, तस्लीम शेख एक शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है और किसी अन्य आपराधिक मामले में महज 20 दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। घटना के वक्त वह अत्यधिक नशे की धुत में था।
No Comment! Be the first one.