News Saga Desk
धनबाद जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित झरिया विधायक रागिनी सिंह के आवास ‘सिंह मेंशन’ पर रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने बम से हमला कर दिया। आधी रात को हुए तेज धमाकों से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद काले रंग की थार कार से मौके से फरार हो गए। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के कई घरों के लोग नींद से जाग गए और डर के मारे घरों से बाहर निकल आए।
पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी सरायढेला थाना पुलिस के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। एहतियातन इलाके की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
दो स्थानों पर फेंके गए सुतली बम
पुलिस के अनुसार, पहला सुतली बम रात करीब 11:20 बजे सिंह मेंशन के अंदर फेंका गया, जबकि दूसरा बम बाहर सड़क की ओर फेंका गया। दोनों धमाके लगभग एक ही समय पर हुए, जिससे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है। धमाके के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी बनी रही।
काली थार कार से भागते दिखे संदिग्ध
हमले के वक्त बंगले के अंदर झरिया विधायक के समर्थक मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक, हमले से कुछ देर पहले ही संजीव सिंह सिंह मेंशन पहुंचे थे। उनके पहुंचने के कुछ समय बाद ही धमाके हुए। समर्थकों का कहना है कि उन्होंने काले रंग की थार कार में सवार कुछ लोगों को रिकॉर्डिंग करते हुए तेजी से भागते देखा।
क्या कहते हैं सिटी एसपी
सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने बताया कि सिंह मेंशन के अंदर और बाहर सुतली बम फेंके जाने की सूचना मिली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और बंगले व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है।
No Comment! Be the first one.