News Saga Desk
झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 3 फरवरी से शुरू होंगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा सामग्री राज्य के सभी जिलों को भेज दी गई है और संबंधित जिलों को विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। जैक द्वारा भेजे गए पत्र में कोषागार तक प्रश्न पत्र पहुंचाने से लेकर परीक्षा के दिन केंद्रों तक प्रश्न पत्र लाने की पूरी प्रक्रिया स्पष्ट रूप से बताई गई है।

7.48 लाख परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
इस वर्ष मैट्रिक और इंटर की परीक्षाओं में कुल 7.48 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। मैट्रिक परीक्षा में 4,23,861 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे, जिनके लिए राज्य भर में 1,232 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 3,24,321 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है।
इंटर में आर्ट्स के सबसे अधिक परीक्षार्थी
इंटरमीडिएट परीक्षा में इस वर्ष साइंस संकाय से 90,579, कॉमर्स से 21,195 और आर्ट्स संकाय से 2,12,547 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है। इंटर परीक्षा के लिए राज्य भर में कुल 757 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षार्थियों की संख्या में आई कमी
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष मैट्रिक और इंटर दोनों परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। मैट्रिक परीक्षा में गिरिडीह जिले से सबसे अधिक 40,827 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि खूंटी जिले से सबसे कम 6,097 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इंटरमीडिएट में भी गिरिडीह जिले से सर्वाधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जैक के अनुसार, मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं 3 फरवरी से 23 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
No Comment! Be the first one.