News Saga Desk
रांची: माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को लोक भवन, रांची में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (नेशनल डिफेन्स कॉलेज) के प्रतिनिधिमंडल से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक अध्ययन का एक प्रतिष्ठित संस्थान है, जिसकी पहचान न केवल देश में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी है।

संवाद के दौरान राज्यपाल ने झारखंड को वीरों की धरती बताते हुए कहा कि यह राज्य प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा, समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से परिपूर्ण है। उन्होंने कहा कि झारखंड का जनजातीय समाज प्रकृति-प्रेमी है, जिसकी झलक यहां के पर्व-त्योहारों और जीवनशैली में स्पष्ट रूप से देखने को मिलती है। राज्य के लोग सरल, परिश्रमी, साहसी और अतिथि-सत्कार के लिए जाने जाते हैं।
पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य पर दिया जोर
राज्यपाल ने झारखंड की पर्यटन संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां के झील-झरने और विश्वप्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से समय मिलने पर इन स्थलों के भ्रमण का आग्रह किया।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि लोक भवन, रांची के उद्यान अब आम नागरिकों के लिए खोल दिए गए हैं, जहां 100 से अधिक प्रजातियों के गुलाब उपलब्ध हैं। राज्यपाल ने कहा कि वे स्वयं आगंतुकों से संवाद कर उद्यान को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव लेते हैं।
17 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में 5 विदेशी अधिकारी शामिल
प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख मेजर जनरल हरतेज सिंह बजाज़ ने बताया कि दल में कुल 17 सदस्य शामिल हैं, जिनमें इथोपिया, बांग्लादेश, फ्रांस, ब्राज़ील और जापान के पांच विदेशी सदस्य भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल झारखंड राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक पहलुओं को समझने के लिए उत्सुक है।
खेल, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर चर्चा
संवाद के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि झारखंड में खेल के क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं, विशेषकर हॉकी और तीरंदाजी में। इस पर राज्यपाल ने कहा कि राज्य में खेलों के प्रति विशेष रुचि है और हॉकी, तीरंदाजी व फुटबॉल जैसे खेलों में झारखंड लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की बेटियां भी हॉकी में देश का नाम रोशन कर रही हैं। हाल ही में हॉकी इंडिया लीग का सफल आयोजन इसका उदाहरण है।
उच्च शिक्षा पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी योजना’ के माध्यम से राज्य की महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। साथ ही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर भी संवाद हुआ।
उद्यान का किया भ्रमण
संवाद के उपरांत राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने लोक भवन, रांची स्थित उद्यान का भ्रमण भी किया। राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि प्रतिनिधिमंडल का झारखंड प्रवास सुखद और स्मरणीय रहेगा।

No Comment! Be the first one.