नगर निकाय चुनाव: रांची मेयर पद के लिए भाजपा का रुख रोशनी खलखो की ओर, जल्द हो सकती है घोषणा

News Saga Desk

रांची। नगर निकाय चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल तैयारियों में जुट गए हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए रोशनी खलखो को समर्थन देने का निर्णय लिया है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार थोड़ी ही देर में नाम की घोषणा की जा सकती है।

गौरतलब है कि रोशनी खलखो इससे पहले रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 19 से पार्षद रह चुकी हैं। वह रांची नगर निगम क्षेत्र में एकमात्र निर्विरोध निर्वाचित पार्षद बनी थीं, जिससे उनकी मजबूत जनस्वीकृति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

भाजपा के भीतर मेयर पद को लेकर कई दावेदार सामने थे। इनमें अशोक बड़ाईक, रामकुमार पाहन समेत अन्य नाम शामिल थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद रोशनी खलखो को बेहतर प्रत्याशी माना।

बताया जा रहा है कि नगर निकाय चुनाव को लेकर रोशनी खलखो के लंबे संघर्ष को पार्टी ने विशेष महत्व दिया है। उन्होंने नगर निकाय चुनाव से जुड़े मुद्दों को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी और इस मामले में उन्होंने लंबे समय तक कानूनी लड़ाई लड़ी। उनके इसी संघर्ष और सक्रिय भूमिका को देखते हुए भाजपा ने उन पर भरोसा जताया है।

अब सभी की निगाहें भाजपा की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं, जिसके बाद रांची मेयर पद की चुनावी तस्वीर और साफ हो जाएगी।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More