एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने की आत्महत्या की कोशिश, बेटे की मौत, मां और नाबालिग बेटी की हालत गंभीर

News Saga Desk

राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कडरू न्यू एजी कॉलोनी के मंदिर मार्ग में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने आत्महत्या करने का प्रयास किया। इस घटना में परिवार के बेटे की मौत हो गई, जबकि मां और नाबालिग बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के बेटे मिहिर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर जब तक स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि मिहिर हाल ही में कोलकाता से रांची लौटा था। वह सीए की पढ़ाई कर रहा था और चर्चा है कि उसकी नौकरी उषा मार्टिन कंपनी में लगी थी।

वहीं, मिहिर की मां स्नेहा अखोरी, जो पेशे से हाईकोर्ट की अधिवक्ता हैं, और उसकी 14 वर्षीय बहन ने जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें तत्काल गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आत्महत्या की कोशिश के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है। पुलिस का कहना है कि मां और बेटी के होश में आने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। मामले की जांच जारी है।

Read More News

मानगो नगर निगम मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भरा नामांकन

मानगो नगर निगम से मेयर पद के लिए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना...

Read More