News Saga Desk
रांची: नगर निकाय चुनाव में इस बार शहर की सरकार बनाने में महिलाओं की भूमिका निर्णायक होती नजर आ रही है। हालात यह हैं कि महिलाओं के लिए आरक्षित पदों के अलावा सामान्य और गैर आरक्षित सीटों पर भी बड़ी संख्या में महिलाएं चुनाव मैदान में उतरी हैं। नामांकन की अंतिम तिथि तक जिस तरह से आधी आबादी की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, उससे स्पष्ट है कि अब वह दौर पीछे छूट चुका है, जब महिलाएं राजनीति में पुरुषों पर निर्भर मानी जाती थीं।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, महापौर और अध्यक्ष पद के लिए कुल 674 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया है, जिनमें 283 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 6305 नामांकन दाखिल किए गए हैं, जिनमें 3179 महिला उम्मीदवार चुनावी किस्मत आजमा रही हैं।

रांची महापौर चुनाव में कुल 19 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया है। इनमें रमा खलखो, कथरीना तिर्की, सुजाता कच्छप, किरण कुमारी, रौशनी खलखो सहित कई महिला उम्मीदवार शामिल हैं, जो पूरे आत्मविश्वास के साथ चुनावी मैदान में उतरी हैं। चुनाव को लेकर महिला प्रत्याशियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
नगर निगम चुनाव में सामान्य सीटों पर भी महिला उम्मीदवारों की मजबूत मौजूदगी सामने आई है। वार्ड नंबर 8 की सामान्य सीट से चुनाव लड़ रहीं किरण खलखो का कहना है कि विकास की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। उनके अनुसार, आरक्षित और अनारक्षित सीट का फर्क नहीं होना चाहिए, अवसर मिले तो महिलाएं हर जिम्मेदारी बखूबी निभा सकती हैं।
वहीं, वार्ड नंबर 25 से चुनाव मैदान में उतरीं गुड्डी कुमारी का कहना है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं, बस उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य से वे जनता की सेवा के लिए चुनाव लड़ रही हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई कर रहीं दीक्षा सिंह का कहना है कि जनता की समस्याओं का समाधान न होना ही उनके चुनाव मैदान में उतरने का मुख्य कारण है। उनके मुताबिक, राजनीति में काम और नीयत मायने रखती है, न कि महिला या पुरुष होना।
नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अब स्क्रूटनी और नाम वापसी की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की अंतिम सूची सामने आएगी। हालांकि, जिस तरह से महिलाएं बढ़-चढ़कर नगर निकाय चुनाव में भागीदारी कर रही हैं, उससे यह साफ है कि इस बार शहर की सरकार बनाने में उनकी भूमिका बेहद अहम और निर्णायक साबित होगी।

No Comment! Be the first one.