News Saga Desk
झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ रहा है। दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन शाम होते ही ठंड बढ़ जा रही है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच बढ़ते अंतर के कारण मौसम का प्रभाव लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। अस्पतालों में ब्लड प्रेशर, सर्दी और जुकाम के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कई जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है, जबकि अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
कई जिलों में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे
मौसम केंद्र, रांची के अनुसार पिछले 24 घंटों में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खूंटी, लातेहार, बोकारो और लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री के बीच रहा। प्रमुख शहरों में रांची का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री, डाल्टनगंज का 7.9 डिग्री और जमशेदपुर का 12.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं चाईबासा में 10.4 डिग्री, पाकुड़ में 11.1 डिग्री, सरायकेला में 10.7 डिग्री और कोडरमा में 10.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। इससे स्पष्ट है कि राज्य में ठंड का प्रभाव अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।

अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी
ठंडी हवाओं के बावजूद राज्य के अधिकतम तापमान में सामान्य से 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई है। पिछले 24 घंटों में चाईबासा का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इसके बाद सरायकेला में 31.0 डिग्री और पूर्वी सिंहभूम में 30.1 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री के बीच बना हुआ है। रांची का अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री और लातेहार का 20.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 12 फरवरी तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
19 फरवरी तक जारी रहेगा ठंड का असर
मौसम केंद्र के अनुसार न्यूनतम तापमान कम रहने के कारण 19 फरवरी तक ठंड का प्रभाव बना रहेगा। हालांकि 13 से 19 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में दिन अपेक्षाकृत गर्म और रात ठंडी रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
No Comment! Be the first one.