रांची में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान शुरू, 10 से 25 फरवरी तक दवा वितरण

News Saga Desk

रांची स्थित सिविल सर्जन कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशानुसार 31 दिसंबर 2026 तक फाइलेरिया के पूर्ण उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे लेकर जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि 10 फरवरी से 25 फरवरी तक फाइलेरिया रोधी दवा वितरण कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। यह अभियान कांके, सोनाहातू और तमाड़ प्रखंड में चलाया जाएगा, जहां नाइट ब्लड सर्वे के दौरान फाइलेरिया के मरीजों की पहचान हुई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फाइलेरिया की दवा पूरी तरह सुरक्षित है और इसे भोजन के बाद लेने से किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती। कुछ लोगों में हल्का बुखार या सिरदर्द जैसी सामान्य प्रतिक्रिया हो सकती है। लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशिक्षित दवा प्रशासक की उपस्थिति में ही दवा का सेवन करें।

सिविल सर्जन ने यह भी बताया कि गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों, गर्भवती महिलाओं और दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यह दवा नहीं दी जाएगी। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम तीनों प्रखंडों में निगरानी, परामर्श और जागरूकता कार्यक्रम चलाएगी।

उन्होंने लोगों से फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में सक्रिय सहयोग करने और दवा का अनिवार्य रूप से सेवन करने की अपील की, ताकि रांची जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।

Read More News

Read More