News Saga Desk
बोकारो: जिले के गोमिया प्रखंड में हाथियों के हमले से पिछले दो दिनों में पांच लोगों की मौत हो गई है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने हस्तक्षेप कर ग्रामीणों को शांत कराया। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए वन विभाग ने पश्चिम बंगाल से 19 सदस्यीय विशेष टीम को बुलाया है।
ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रि गश्ती बढ़ा दी गई है तथा संभावित स्थानों पर मशाल की व्यवस्था की गई है। विभाग द्वारा लगातार पेट्रोलिंग करते हुए लोगों को रात के समय घरों में ही रहने की सलाह दी जा रही है। जंगल और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके साथ ही छह क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तैनात की गई हैं, जो नियमित रूप से गांवों में जाकर जानकारी जुटा रही हैं और लोगों को सतर्क कर रही हैं।
बोकारो के डीएफओ संदीप शिंदे ने बताया कि गोमिया क्षेत्र में करीब 42 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है, जो अब अलग-अलग छोटे समूहों में बंट गया है। इनमें से पांच हाथियों का एक समूह लगातार क्षेत्र में घूम रहा है और इन्हीं के द्वारा हमले की घटनाएं हुई हैं।
यह झुंड लुगु पहाड़ी के जंगल क्षेत्र में देखा गया है। जंगल से सटे गांवों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग की टीमें हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि उनके रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ते ही तुरंत सूचना जारी कर लोगों को सतर्क किया जा सके।
No Comment! Be the first one.