News Saga Desk
झारखंड की उपराजधानी दुमका से एक बेहद ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के गांधी मैदान के समीप सदर इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे झाड़ियों से एक महिला और उसकी मासूम बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और क्षेत्र में शोक व दहशत का माहौल बन गया।
सुनसान स्थान पर झाड़ियों में पड़े मिले शव
जानकारी के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ियों के पास दो शव पड़े देखे। पास जाकर देखने पर पता चला कि एक महिला और एक छोटी बच्ची मृत अवस्था में हैं। इसके बाद तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
शवों की स्थिति को देखते हुए प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है, जबकि बच्ची की भी बेरहमी से जान ली गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पहचान नहीं हो सकी, हर पहलू से जांच जारी
मृतका और बच्ची की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ विजय कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
सीसीटीवी और फॉरेंसिक जांच में जुटी पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और ठोस सबूतों के आधार पर ही आगे की करवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.