देशभर में LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी, जानें कितना पड़ेगा जेब पर असर

News Saga Desk

देशभर में रसोई गैस (LPG) की कीमतों में शनिवार, 7 मार्च 2026 यानि आज की सुबह बढ़ोतरी कर दी गई है। सरकार ने घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह के गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ा दिए हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों पर भी असर पड़ने की संभावना है। कीमतों में इस बढ़ोतरी से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।

घरेलू सिलेंडर हुआ 60 रुपये महंगा

नई दरों के अनुसार 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की वृद्धि की गई है। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, जो सिलेंडर पहले 853 रुपये में मिल रहा था, उसकी कीमत अब बढ़कर 913 रुपये हो गई है। अप्रैल 2025 के बाद यह पहली बार है जब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को सीधा झटका लगा है।

कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी

घरेलू गैस के साथ-साथ 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये की वृद्धि की गई है। नई कीमत के अनुसार कमर्शियल सिलेंडर अब 1883 रुपये में उपलब्ध होगा। इस बढ़ोतरी का असर छोटे व्यापारियों, ढाबों, होटल और रेस्टोरेंट संचालकों पर पड़ सकता है, जिससे बाहर खाने-पीने की कीमतों में भी बढ़ोतरी संभव है।

शहर / राज्यघरेलू सिलेंडर (14.2 kg)कमर्शियल सिलेंडर (19 kg)
दिल्ली₹913.00₹1883.00
मुंबई₹912.50₹1835.00
कोलकाता₹1030.00₹1990.00
चेन्नई₹928.50₹2043.50
झारखंड ₹913.00 के आसपास₹1,890 – ₹1,900+ के आसपास

कीमतों में बढ़ोतरी के बाद सोशल मीडिया पर गैस की संभावित कमी को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी। हालांकि पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्पष्ट किया है कि देश में ऊर्जा संसाधनों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं को सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इंडियन ऑयल ने भी कहा है कि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए घबराने या पैनिक बुकिंग करने की जरूरत नहीं है।

रूस और अमेरिका से बढ़ी ऊर्जा आपूर्ति

भारत अब ऊर्जा आपूर्ति के लिए केवल एक या दो देशों पर निर्भर नहीं है। देश रूस से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल आयात कर रहा है। इसके अलावा पहली बार अमेरिका से भी बड़े पैमाने पर LPG की आपूर्ति भारत को मिलने लगी है, जिससे ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।

Read More News

Read More