News Saga Desk
राँची: असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने भारत निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर 20 नेताओं को स्टार प्रचारक घोषित करने की अनुमति मांगी है। इसके साथ ही चुनाव प्रचार में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के लिए पास जारी करने का भी अनुरोध किया गया है।
पार्टी के महासचिव विनोद कुमार पांडेय द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि पार्टी अध्यक्ष हेमंत सोरेन असम के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी जनसभाओं और जनसंपर्क अभियानों में हिस्सा लेंगे।
इन नेताओं को बनाया गया स्टार प्रचारक
झामुमो ने जिन 20 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाने का प्रस्ताव दिया है, उनमें डॉ. सरफराज अहमद, विनोद कुमार पांडेय, जोबा माझी, अभिषेक प्रसाद, पंकज मिश्रा, दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद, विजय हांसदा, कल्पना मुर्मू सोरेन, डॉ. महुआ माजी, हफीजुल हसन, सुखराम उरांव, भूषण तिर्की, जिगा सुशरण होरो, विकास मुंडा, एम.टी. राजा, आलोक सोरेन और डॉ. लुईस मरांडी शामिल हैं।
हवाई, सड़क और रेल मार्ग से करेंगे प्रचार
पार्टी ने आयोग को भेजे पत्र में कहा है कि सभी स्टार प्रचारक असम के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए हवाई, सड़क और रेल मार्ग से यात्रा करेंगे। इसके लिए आवश्यक अनुमति देने का आग्रह किया गया है, ताकि प्रचार अभियान सुचारु रूप से संचालित हो सके।
वाहनों के लिए पास जारी करने की मांग
झामुमो ने यह भी अनुरोध किया है कि प्रचार के दौरान उपयोग में आने वाले वाहनों को असम राज्य की सीमा के भीतर संचालित करने के लिए पास जारी किए जाएं। पार्टी का कहना है कि इससे चुनावी कार्यक्रमों में किसी प्रकार की प्रशासनिक बाधा नहीं आएगी।
पार्टी के अनुसार, अनुमति मिलते ही असम में बड़े पैमाने पर चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें स्टार प्रचारक अलग-अलग क्षेत्रों में सभाएं और जनसंपर्क कार्यक्रम करेंगे।
No Comment! Be the first one.