बिहार के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए तबादले को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। लंबे समय से ट्रांसफर का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए शिक्षा विभाग ने पूरी प्रक्रिया का टाइमटेबल तैयार कर लिया है। इसके तहत पहले 14 जिलों में पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
NEWS SAGA DESK
बिहार के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के लिए तबादले को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। लंबे समय से ट्रांसफर का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए शिक्षा विभाग ने पूरी प्रक्रिया का टाइमटेबल तैयार कर लिया है। इसके तहत पहले 14 जिलों में पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं, सामान्य तबादले के इच्छुक शिक्षक 30 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
14 नवंबर तक पूरी होगी म्यूचुअल ट्रांसफर प्रक्रिया
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्थानांतरण की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी करने का निर्देश दिया है। विभागीय कार्यक्रम के अनुसार, 14 नवंबर तक जिला स्थापना समिति के स्तर पर पारस्परिक स्थानांतरण की कार्रवाई पूरी कर अंतिम सूची जारी की जाएगी। पटना, पश्चिमी चंपारण, सीवान, नवादा, नालंदा और मधेपुरा समेत 14 जिलों में लंबित समायोजन और समानुपातीकरण का काम भी इसी समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य है।
17 से 25 नवंबर तक राज्य स्तर पर होगी कार्रवाई
जिला स्तर पर प्रक्रिया समाप्त होने के बाद 17 से 25 नवंबर के बीच प्रमंडल और राज्य स्थापना समिति पारस्परिक स्थानांतरण से जुड़े मामलों पर निर्णय लेगी। इसके बाद 27 नवंबर को स्कूलवार संशोधित रिक्त पदों की सूची जारी की जाएगी।
30 नवंबर से 7 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन
सामान्य स्थानांतरण के लिए शिक्षक 30 नवंबर से 7 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 8 से 31 दिसंबर के बीच जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर आवेदन की समीक्षा, स्थानांतरण सूची तैयार करने तथा आपत्तियों और अपीलों के निपटारे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
शिक्षकों को अब किस तारीख का करना है इंतजार
इस कार्यक्रम से उन शिक्षकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से अपने पसंदीदा जिले या स्कूल में पदस्थापन चाहते हैं। ऐसे में शिक्षकों को सलाह है कि वे विभाग की आधिकारिक सूचनाओं और आवेदन संबंधी दिशा-निर्देशों पर नजर बनाए रखें।
No Comment! Be the first one.