झारखंड में मौसम का कहर: 17 जिलों में बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट

News Saga Desk

राँची: पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड में लगातार तीसरे दिन भी गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग, रांची केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि मंगलवार, 17 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे तक राज्य के 17 जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान वज्रपात की भी आशंका है और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इन जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना

मौसम विभाग ने सुबह करीब 5:30 बजे जारी पूर्वानुमान में बताया कि पूर्वी सिंहभूम, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने के आसार हैं।

इसके अलावा बोकारो, धनबाद और हजारीबाग के कुछ क्षेत्रों में भी मेघ गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।

22 मार्च तक मौसम रहेगा बदला हुआ

मौसम विभाग ने 22 मार्च 2026 तक राज्य में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और बीच-बीच में तेज हवा चलने की संभावना जताई है। मंगलवार को उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम में आए इस बदलाव के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

तापमान में गिरावट, मेदिनीनगर सबसे गर्म

मौसम में बदलाव के बावजूद मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। हालांकि पिछले 24 घंटों में इसमें 0.7 डिग्री की गिरावट आई है।

राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2.1 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री और बोकारो का 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

धनबाद में बदला मौसम, आगे भी बारिश के आसार

धनबाद में सोमवार को सुबह हल्की धूप के बीच बादल छाए रहे, जबकि दोपहर में गर्मी महसूस की गई। दोपहर बाद करीब 3 बजे मौसम बदला और 3:30 बजे से तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे की बारिश के बाद ठंड का एहसास हुआ।

बारिश से पहले हवा की रफ्तार लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे रिकॉर्ड की गई। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि धनबाद समेत कई जिलों में 17, 19 और 20 मार्च को भी बारिश हो सकती है। आने वाले दिनों में तेज हवाएं चलने की संभावना है, हालांकि तापमान में बहुत अधिक बदलाव नहीं होगा। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम करीब 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

Read More News

Read More