पतरातू में राहुल दुबे गैंग से जुड़ा अपराधी अनीस 9 एमएम पिस्टल के साथ गिरफ्तार

रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात राहुल दुबे गैंग से जुड़े अपराधी अनीस अंसारी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत की गई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक टीम का गठन किया गया और पतरातू थाना क्षेत्र के सोलिया गांव में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने अनीस अंसारी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 9 एमएम का पिस्टल बरामद किया गया।

पूछताछ में अहम खुलासा

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अनीस अंसारी ने बताया कि उसे यह पिस्टल राहुल दुबे गैंग के एक सदस्य ने हाल ही में हुई फायरिंग की घटना के बाद सुरक्षित रखने के लिए दी थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पिस्टल को जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, बरामद हथियार तुर्की निर्मित जिगना कंपनी का है, जिससे इलाके में अंतरराज्यीय अवैध हथियार नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका भी जताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी अनीस अंसारी, पिता ताहिर अंसारी, सोलिया (पतरातू) का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी कई मामलों में संलिप्त पाया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई

इस पूरे अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने किया। छापेमारी दल में सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Read More News

Read More