दहेज उत्पीड़न से तंग महिला ने छत से कूदकर दी जान, पति और ससुर गिरफ्तार

News Saga Desk

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के नोएडा में दहेज उत्पीड़न से परेशान एक विवाहिता ने घर की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के ग्राम जलपुरा की है। पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम जलपुरा निवासी ऋतिक पुत्र मनोज की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले दीपिका (24) पुत्री संजय से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपिका को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था।

बताया गया कि बीती रात दीपिका ने अपने घर की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सोमवार सुबह मृतका के पिता संजय ने थाना ईकोटेक-3 में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनकी बेटी को पति ऋतिक, ससुर मनोज और अन्य ससुराल पक्ष के लोग लगातार दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। उत्पीड़न से तंग आकर दीपिका ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Read More News

Read More