मौसम का डबल अटैक कहीं भीषण लू, तो कहीं आंधी-बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट

News Saga Desk

रांची: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्य के लोगों को अगले कुछ दिनों तक मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है। एक ओर पलामू प्रमंडल समेत उत्तर-पश्चिमी जिलों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ने वाला है, वहीं दूसरी ओर राजधानी रांची सहित कई जिलों में तेज आंधी, बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 20 मई तक राज्य के कई हिस्सों में खराब मौसम बना रहेगा। इस दौरान तेज हवाएं, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

पलामू प्रमंडल में लू का कहर

मौसम विभाग ने पलामू प्रमंडल और आसपास के जिलों में 19 मई तक भीषण लू चलने की संभावना जताई है। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में गर्म हवाओं का असर सबसे अधिक देखने को मिल सकता है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

रांची समेत कई जिलों में येलो अलर्ट

राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में मौसम तेजी से बदल रहा है। 17 और 18 मई को राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी, मेघ गर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।19 मई को मौसम का सबसे उग्र रूप देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं

  • रांची
  • गुमला
  • खूंटी
  • रामगढ़
  • हजारीबाग
  • बोकारो

इन जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है:

  • सिमडेगा
  • पश्चिमी सिंहभूम
  • सरायकेला-खरसावां
  • पूर्वी सिंहभूम
  • कोडरमा
  • गिरिडीह
  • धनबाद
  • देवघर
  • जामताड़ा
  • दुमका
  • गोड्डा
  • साहेबगंज
  • पाकुड़

20 मई तक नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग के अनुसार 20 मई तक राज्य में मौसम खराब बना रहेगा। कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश, तेज हवाएं और मेघ गर्जन जारी रह सकते हैं। इसके साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रांची में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो 24 घंटे में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्शाता है।

मौसम विभाग की लोगों को सलाह

  • आंधी और बारिश के दौरान पक्के मकानों में रहें।
  • बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
  • मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल सावधानी से करें।
  • लू प्रभावित इलाकों में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें।
  • पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के कपड़े पहनें।

Read More News

Read More