News Saga Desk
प्रधानमंत्री मोदी यूरोप के चार देशों के दौरे के तहत सोमवार नॉर्वे पहुंचे। ओस्लो एयरपोर्ट पर नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने उनका स्वागत किया। यह प्रधानमंत्री मोदी का पहला नॉर्वे दौरा है, वहीं 43 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नॉर्वे यात्रा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें विश्वास है कि यह यात्रा भारत-नॉर्वे संबंधों को नई ऊर्जा देगी। ओस्लो में होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई।
दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी नॉर्वे के सम्राट हेराल्ड पंचम और साम्राज्ञी सोनजा से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को ओस्लो में आयोजित तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में डेनमार्क, फिनलैंड, Iceland, Sweden और नॉर्वे के प्रधानमंत्री शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह सम्मेलन भारत और नॉर्डिक देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देगा।
प्रधानमंत्री मोदी और नॉर्वे के प्रधानमंत्री भारत-नॉर्वे व्यापार एवं अनुसंधान सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, साल 2024 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार करीब 2.73 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है और इस यात्रा से व्यापारिक संबंधों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
No Comment! Be the first one.