News Saga Desk
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को बड़ा विस्फोट हुआ, जिसके बाद एक ट्रेन हादसे का शिकार हो गई। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घटना में कम से कम 23 लोगों की मौत हुई है, जबकि 47 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह धमाका बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में चमन फाटक के पास हुआ। हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित संगठन BLA ने ली है। संगठन के मजीद ब्रिगेड ने इसे “सुसाइड अटैक” बताया है।
रेलवे ट्रैक पर किया गया विस्फोट
रिपोर्ट्स के अनुसार विस्फोट रेलवे ट्रैक पर किया गया था और निशाना उस ट्रेन को बनाया गया जो क्वेटा कैंटोनमेंट इलाके से गुजर रही थी। धमाका इतना तेज था कि ट्रेन की कई बोगियां पटरी से उतर गईं, जबकि कुछ डिब्बे पलट गए। आसपास खड़े वाहनों और नजदीकी घरों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार देखा गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ट्रेन में आग लगती दिखाई दे रही है।
BLA ने कहा- सेना को बनाया निशाना
BLA के प्रवक्ता जयंद बलोच ने बयान जारी कर कहा कि मजीद ब्रिगेड ने क्वेटा कैंट से सैनिकों को ले जा रही ट्रेन को निशाना बनाया। संगठन का दावा है कि ट्रेन की जिन बोगियों को नुकसान पहुंचा, उनमें सैन्यकर्मी मौजूद थे। हालांकि पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सेना और पुलिस बल पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित
धमाके के तुरंत बाद सुरक्षा बल और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी घोषित कर दी गई। बलूचिस्तान गृह विभाग के विशेष सहायक बाबर यूसुफजई ने बताया कि पुलिस विस्फोट की प्रकृति और हमले के पीछे की वजह की जांच कर रही है।
क्यों अहम है बलूचिस्तान?
बलूचिस्तान पाकिस्तान का खनिज संपदा से समृद्ध क्षेत्र माना जाता है। यही इलाका चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा यानी China-Pakistan Economic Corridor का अहम हिस्सा भी है। अरबों डॉलर की यह परियोजना चीन और पाकिस्तान दोनों के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।
इसी वजह से बलूचिस्तान लंबे समय से सुरक्षा चुनौतियों और अलगाववादी हिंसा का केंद्र बना हुआ है। यहां सक्रिय कई उग्रवादी संगठन पाकिस्तान से अलग स्वतंत्र बलूचिस्तान की मांग करते रहे हैं।
चीन दौरे पर हैं शहबाज शरीफ
घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ चीन दौरे पर हैं। माना जा रहा है कि वह CPEC के दूसरे चरण के लिए निवेश और फंडिंग को लेकर बातचीत कर रहे हैं। ऐसे में बलूचिस्तान में बढ़ती हिंसा पाकिस्तान और चीन दोनों के लिए चिंता का विषय बन सकती है। हाल ही में पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने भी बलूचिस्तान का दौरा किया था और क्षेत्र में सुरक्षा हालात की समीक्षा की थी।
No Comment! Be the first one.