News Saga Desk
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद मोथाबाड़ी न्यायाधीश उत्पीड़न मामले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने तेजी ला दी है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने सोमवार देररात मालदा जिले के कालियाचक और मोथाबाड़ी के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 14 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 68 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।एनआईए आज इन लोगों को अदालत में पेश कर हिरासत की मांग करेगी। जांच एजेंसी का मानना है कि इनसे पूछताछ में इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सकेगी। दरअसल, राज्य में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कालियाचक के मोथाबाड़ी क्षेत्र में स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई थी। आरोप था कि सभी वैध दस्तावेज होने के बावजूद लोगों के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद मोथाबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के आईएसएफ उम्मीदवार मौलाना शाहजहां अली कादरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया । इसके बाद मामले के कथित मुख्य साजिशकर्ता और एमआईएम नेता मोफाक्केरुल इस्लाम को बागडोगरा हवाई अड्डे से सीआईडी ने पकड़ा। बाद में क्रमशः 49 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद जांच अपने हाथ में लेने वाली एनआईए ने मोथाबाड़ी के आईएसएफ नेता गुलाम रब्बानी को भी गिरफ्तार किया। जांच के दौरान पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कई अन्य संदिग्धों के नाम सामने आए।
फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को विशेष अदालत में पेश किया गया है, जहां एनआईए ने आगे की पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की है। मामले को लेकर पूरे राज्य में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और आने वाले दिनों में जांच में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
No Comment! Be the first one.