पश्चिम बंगाल में TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर कथित हमला, काले झंडे दिखाकर किया विरोध

News Saga Desk

अभिषेक बनर्जी के बाद TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर कथित हमला, फिर गरमाई सियासत

पश्चिम Bengal में TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर कथित हमले का आरोप। चंडीतला में विरोध प्रदर्शन के दौरान लगी चोट। इससे पहले अभिषेक बनर्जी के काफिले पर भी हमला हुआ था।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसदों पर कथित हमलों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सांसद अभिषेक बनर्जी के बाद अब टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर भी कथित हमले का मामला सामने आया है। घटना हुगली जिले के चंडीतला क्षेत्र की बताई जा रही है।

ज्ञापन सौंपने जा रहे थे कल्याण बनर्जी

जानकारी के अनुसार, कल्याण बनर्जी चंडीतला पुलिस स्टेशन में ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ नारेबाजी की।

घटना के दौरान की तस्वीरों और वीडियो में कल्याण बनर्जी भीड़ का सामना करते नजर आए। आरोप है कि विरोध प्रदर्शन के बीच उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। कुछ देर बाद वे जमीन पर गिर गए। हमले के बाद वे जमीन पर लेटे हुए फोन पर बात करते भी दिखाई दिए।

टीएमसी कार्यकर्ताओं ने सांसद को सुरक्षित निकाला

घटना के दौरान सुरक्षाबलों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। वहीं टीएमसी समर्थकों ने कल्याण बनर्जी को भीड़ से दूर ले जाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मीडिया से बातचीत में कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि वह अकेले जा रहे थे और उनके साथ कोई समर्थक नहीं था। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थकों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और उनके सिर पर गेंद से हमला किया, जिससे उन्हें चोट लगी और खून बहने लगा। उन्होंने कहा, “अब जनता तय करेगी कि सांसदों को लगातार निशाना बनाना सही है या गलत।”

इससे पहले अभिषेक बनर्जी के काफिले पर हुआ था हमला

इससे पहले शनिवार को दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ भी कथित मारपीट और विरोध प्रदर्शन की घटना सामने आई थी।

अभिषेक बनर्जी चुनाव बाद हुई हिंसा में मारे गए एक तृणमूल कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके काफिले का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर काफिले पर अंडे और ईंट के टुकड़े फेंके तथा नारेबाजी की। इस मामले में पुलिस अब तक छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

ममता बनर्जी ने भाजपा पर साधा निशाना

घटना के बाद ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में विपक्षी दल राजनीतिक हिंसा का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। टीएमसी ने दोनों घटनाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया है।

Read More News

Read More