उत्तराखंड में मतदाता गणना फार्म वितरण 88.48 प्रतिशत तक पहुंचा, डिजिटाइजेशन पर जोर

NEWS SAGA DESK

देहरादून :- उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता गणना फार्म वितरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। सोमवार शाम चार बजे तक राज्य में 88.48 प्रतिशत गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं। निर्वाचन विभाग ने अब फार्मों के डिजिटाइजेशन और ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया को गति देने पर विशेष जोर दिया है।

सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ अभियान की समीक्षा करते हुए डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों की सराहना की। उन्होंने दूसरे चरण में गणना फार्मों के डिजिटाइजेशन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों में फार्म वितरण का प्रतिशत राज्य औसत से कम है, वहां अतिरिक्त मोबाइल टीमों की तैनाती कर विशेष अभियान चलाया जाए। इन टीमों को फार्म वितरण के साथ-साथ डिजिटाइजेशन कार्य में भी सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉ. जोगदण्डे ने ऑनलाइन गणना फार्म भरने की संख्या बढ़ाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में मोबाइल और आईटी टीमों को भेजकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने सभी जिलों में बीएलओ ऐप के नए मॉड्यूल का प्रशिक्षण 10 से 12 बीएलओ के छोटे समूहों में आयोजित करने को कहा, ताकि डिजिटल प्रक्रिया अधिक प्रभावी ढंग से लागू की जा सके।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो गणना फार्म के साथ बीएलओ को उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक चल रहे घर-घर संपर्क अभियान के दौरान मतदाताओं से किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मतदाता सहायता और जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 तथा राज्य स्तरीय हेल्पलाइन 1800-3300-1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

समीक्षा बैठक में किशन सिंह नेगी, मस्तू दास, सभी जिलाधिकारी तथा निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) उपस्थित रहे।

Read More News

नशा मुक्त झारखंड अभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जागरूकता वाहनों को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को राज्यव्यापी "नशा मुक्त झारखंड" जागरूकता अभियान का शुभारंभ...

Read More