झारखंड में मानसून सक्रिय, कई जिलों में बारिश; रांची में जलजमाव, अगले पांच दिन वर्षा के आसार

NEWS SAGA DESK

रांची :- झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान कोडरमा के तिलैया में सर्वाधिक 46.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा लातेहार के चंदवा में 45.2 मिमी और रांची के कांके में 42.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिलों में हुई अच्छी बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राज्य के दक्षिणी, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी एवं पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है।

रांची में बारिश से जलजमाव, बिजली आपूर्ति प्रभावित

रविवार को राजधानी रांची में दिनभर तेज धूप और उमस के बाद शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। शाम करीब छह बजे शुरू हुई बारिश देर रात तक जारी रही। भारी वर्षा के कारण सेवा सदन पथ, जयपाल सिंह स्टेडियम क्षेत्र, मेन रोड और स्टेशन रोड समेत कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई।

सुरक्षा के मद्देनजर कई क्षेत्रों में आधे घंटे से एक घंटे तक बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन यातायात प्रभावित होने से कई जगहों पर परेशानी का सामना करना पड़ा।

अगले चार से पांच दिन तक जारी रह सकता है बारिश का सिलसिला

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। समुद्र तल पर मौसमी ट्रफ पश्चिम राजस्थान से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक झारखंड से होकर गुजर रही है, जिससे राज्य में सक्रिय मौसम प्रणाली बनी हुई है।

इसके प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में अगले चार से पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में अपेक्षाकृत कम वर्षा होने के कारण उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है। इन क्षेत्रों में तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और वज्रपात की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Read More News

नशा मुक्त झारखंड अभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जागरूकता वाहनों को दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को राज्यव्यापी "नशा मुक्त झारखंड" जागरूकता अभियान का शुभारंभ...

Read More