सदर अस्पताल में बीमार युवक को ठंड से बचाने के लिए उसकी मां द्वारा चटाई से ढकने की तस्वीर सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आ गया है
NEWS SAGA DESK
सदर अस्पताल में बीमार युवक को ठंड से बचाने के लिए उसकी मां द्वारा चटाई से ढकने की तस्वीर सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया है। तस्वीर प्रकाशित होने के बाद बुधवार को अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, हॉस्पिटल मैनेजर और फ्लोर मैनेजर्स के साथ बैठक की गयी। इस दौरान पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गयी और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों तथा संबंधित नर्स से स्पष्टीकरण मांगा गया।
बताया गया कि मरीज के परिजनों ने उसके लिए कंबल की मांग की थी, लेकिन उसे उपलब्ध कराने में देरी हुई। इसी दौरान ठंड से बचाने के लिए मरीज की मां ने बेटे को चटाई से ढक दिया। मामला सामने आने के बाद प्रबंधन ने संबंधित कर्मचारियों से जवाब तलब करते हुए व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिये हैं।
अस्पताल प्रशासन ने कर्मचारियों से कहा है कि मरीजों और उनके परिजनों की जरूरतों को लेकर संवेदनशीलता बरती जाए। अस्पताल में भर्ती लोगों को कंबल समेत सभी जरूरी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. विमलेश सिंह ने कहा कि वार्डों और अस्पताल के अन्य हिस्सों का कभी भी निरीक्षण किया जा सकता है। जांच के दौरान यदि किसी स्तर पर लापरवाही या व्यवस्था में कमी पायी गयी, तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सरकारी अस्पतालों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही है। अस्पतालों में सीसीटीवी के जरिए 24 घंटे मॉनिटरिंग और ऑनलाइन निगरानी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
अस्पताल में नर्सिंग कॉलिंग सिस्टम की खराबी भी मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कई वार्डों में कॉलिंग बेल और स्विच खराब होने की शिकायतें हैं। ऐसे में मरीजों को जरूरत पड़ने पर नर्सिंग स्टेशन तक जाना पड़ता है। प्रबंधन के लिए अब सभी वार्डों के कॉलिंग सिस्टम की नियमित जांच और खराब उपकरणों की तत्काल मरम्मत जरूरी हो गयी है।
No Comment! Be the first one.