News Saga Desk
बुलंदशहर/लखनऊ:एंटी टेररिस्ट स्क्वॉयड (एटीएस) नेे देश विरोधी गतिविधियों में शामिल दो संदिग्धों को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया हैं। गिरफ्तार अभियुक्त सोशल मीडिया के माध्यम से स्लीपर सेल तैयार करने, भय एवं आतंक का माहौल उत्पन्न करने का प्रयास करने तथा संवेदनशील स्थलों की रेकी जैसी गतिविधियों में संलिप्त थे। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी एवं आबिद जट्ट के आतंकी नेटवर्क के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में उत्तर प्रदेश एटीएस ने बुलन्दशहर से इस नेटवर्क से जुड़े दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ के दौरान कई डिजिटल सबूत, चैट रिकॉर्ड और ऑनलाइन संपर्कों की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों के हाथ लगी है। एटीएस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े आतंकी मॉड्यूल या अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से तो नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
एटीएस अधिकारियों के अनुसार देश विरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी नेटवर्क को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क का विस्तार किन-किन राज्यों तक है और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। इस कार्रवाई को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
एटीएस और सुरक्षा जांच एजेंसी दोनों आरोपितों से आगे की पूछताछ कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन दोनों संदिग्धों को पाकिस्तान से क्या निर्देश मिल रहे थे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इनके नेटवर्क से और कौन-कौन से लोग जुड़े हुए हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
No Comment! Be the first one.