NEWS SAGA DESK
स्वतंत्रता दिवस 2026 पर झारखंड के 29 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। जानिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, वीरता पदक और सराहनीय सेवा पदक पाने वालों की पूरी जानकारी।
रांची। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर झारखंड के 29 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को उनकी विशिष्ट, वीरतापूर्ण और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। गृह विभाग ने पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों और कर्मियों की सूची जारी कर दी है। इस बार सम्मान पाने वालों में तीन भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी और पांच महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

जारी सूची के मुताबिक, एक पुलिसकर्मी को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, पांच पुलिसकर्मियों को वीरता पदक और तीन आईपीएस अधिकारियों समेत 23 अधिकारियों एवं कर्मियों को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर होने वाला यह सम्मान पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान और कर्तव्यनिष्ठा को मान्यता देने वाला महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को राष्ट्रपति पुलिस पदक
विशिष्ट सेवा के लिए जैप-1 के एएसआई कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। वहीं वीरता पदक पाने वालों में लातेहार के अवर निरीक्षक विनय कुमार, आईआरबी-4 लातेहार के एएसआई प्रमोद कुमार राय, लातेहार जिला बल के आरक्षी वेद प्रकाश महतो और रामचंद्र कुमार महतो तथा आईआरबी-1 जामताड़ा के आरक्षी कृष्णा मुर्मू शामिल हैं।
तीन आईपीएस अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित होने वाले अधिकारियों में महानिरीक्षक रेल डॉ. माइकल राज एस, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात आईपीएस अधिकारी अन्नेपु विजयालक्ष्मी और कोल्हान के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा शामिल हैं।
इसके अलावा स्पेशल ब्रांच के डीएसपी नीरज कुमार, वायरलेस के इंस्पेक्टर अरुण कुमार, एसटीएफ के इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय, आईटीएस रांची के इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी तथा एसटीएफ के एएसआई अरविंद कुमार पालित, वशिष्ठ कुंवर, संजीव कुमार झा और विजय कुमार को भी सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा।
सराहनीय सेवा के लिए रांची जिला के एएसआई दीपक पुंज, सीआईडी के एएसआई महेंद्र महतो, एसटीएफ के हवलदार इकबाल, हवलदार बिन्दराय मुण्डरी और हवलदार विजय थापा को भी पदक मिलेगा।
इसे भी देखें:-युवा वकीलों की समस्याएं बनीं चुनावी मुद्दा, उम्मीदवारों ने दिया समाधान का भरोसा
इसके अलावा गढ़वा के आरक्षी विदेशी मांझी, चतरा के आरक्षी अजय कुमार दूबे और गुमला के आरक्षी दीपक कुमार सिंह को भी सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इस बार पुलिस पदक पाने वालों में पांच महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया है। जैप-10 होटवार की महिला आरक्षी मान्ती खलखो और प्रभा देवी तथा महिला हवलदार रंजिता कुजूर को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। वहीं जैप-10 की महिला आरक्षी पुष्पा ओड़ेया को भी सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा।
13 अगस्त तक रिपोर्ट करने का निर्देश
पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया है कि पदक प्राप्त करने वाले अधिकारी एवं कर्मी 13 अगस्त 2026 की अपराह्न तक वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के समक्ष रिपोर्ट करें।
मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इस अवधि में किसी पदक प्राप्तकर्ता का स्थानांतरण या पदस्थापन हो चुका है, तो संबंधित वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक अथवा नियंत्रक पदाधिकारी इसकी जानकारी पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
No Comment! Be the first one.