NEWS SAGA DESK
जमशेदपुर के टेल्को में बंद क्वार्टर में जन्मदिन मनाने पहुंचे युवक का टाइगर मोबाइल जवानों से विवाद हो गया। मारपीट में जवान घायल, युवक हिरासत में।
पूर्वी सिंहभूम के जमशेदपुर स्थित टेल्को थाना क्षेत्र में बुधवार रात गश्त कर रहे टाइगर मोबाइल जवानों और एक युवक के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। हुडको इलाके में बंद पड़े टाटा मोटर्स क्वार्टर में जन्मदिन मनाने पहुंचे युवक और पुलिस जवानों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

घटना में टाइगर मोबाइल जवान सुजीत कुमार के सिर में चोट लगी है, जबकि उनके साथी जवान चुन्नू राम सोरेन के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने ट्रक पार्क निवासी आदित्य करवा को हिरासत में लिया है।
18वां जन्मदिन मनाने पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, आदित्य करवा अपना 18वां जन्मदिन मनाने के लिए एक युवती के साथ हुडको स्थित बंद क्वार्टर नंबर 152 में पहुंचा था। यह क्वार्टर काफी समय से बंद बताया जा रहा है। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रहे टाइगर मोबाइल के जवान सुजीत कुमार और चुन्नू राम सोरेन की नजर वहां मौजूद युवक-युवती पर पड़ी।
सुनसान और बंद क्वार्टर में युवक-युवती की मौजूदगी को लेकर जवानों ने उनसे पूछताछ की। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी ने विवाद का रूप ले लिया।
जवान के सिर पर पत्थर से वार करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद आदित्य करवा ने जवानों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान वहां पड़े एक पत्थर से टाइगर मोबाइल जवान सुजीत कुमार के सिर पर वार किए जाने की बात सामने आई है।
हमले में सुजीत कुमार घायल हो गए। वहीं, उनके साथी जवान चुन्नू राम सोरेन के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। बताया गया कि हाथापाई के दौरान चुन्नू राम सोरेन को दांत से काटने की भी बात सामने आई है।
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
टेल्को थाना पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आदित्य करवा को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई।
इसे भी देखें:-मिडिल ईस्ट की जंग के कारण भारत के गरीबों की बुझ रही रसोई #lpgshortage
घटना के बाद घायल दोनों जवानों का प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही मामले से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई है।
मौके पर एक अन्य युवक और युवती के मौजूद होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद किस परिस्थिति में शुरू हुआ और मारपीट की घटना किस तरह बढ़ी।
No Comment! Be the first one.