NEWS SAGA DESK
हजारीबाग में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में DC हेमन्त सती ने स्कूलों में पढ़ाई, परीक्षा परिणाम, शिक्षकों की उपस्थिति और ट्रांसफर को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
हजारीबाग में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक गुरुवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के सरकारी विद्यालयों में पठन-पाठन, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, पाठ्यपुस्तकों के वितरण, सेवा संपुष्टि, स्थानांतरण और विभागीय कार्रवाई से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करना और विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में सुधार करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
लंबित सेवा संपुष्टि मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शिक्षकों के सेवा संपुष्टि से जुड़े लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित मामलों को जल्द से जल्द भेजने का निर्देश दिया।
उन्होंने सर्विस बुक का नियमित और अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा विभागीय कार्रवाई से संबंधित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि विभागीय स्तर पर किसी भी प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी मामलों का नियमानुसार और समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
स्कूलों में औचक निरीक्षण करेंगी ट्रेनी समाहर्ता
विद्यालयों की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने के लिए ट्रेनी समाहर्ता पूर्वा अग्रवाल को प्रखंडों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। वह स्कूलों में पठन-पाठन, विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति समेत शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच करेंगी।
प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि सरकारी स्कूलों में निर्धारित शैक्षणिक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हों और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
परीक्षा परिणाम सुधारने पर विशेष फोकस
बैठक में उच्च विद्यालयों के परीक्षा परिणाम को लेकर भी उपायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की नियमित समीक्षा होनी चाहिए।
इसके लिए स्कूलों में नियमित टेस्ट परीक्षा आयोजित करने पर जोर दिया गया। टेस्ट के परिणाम के आधार पर विद्यार्थियों की कमजोरियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों में बुनियादी शैक्षणिक क्षमता विकसित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक कक्षाओं के बच्चों में धारा प्रवाह पढ़ने-लिखने की क्षमता और बुनियादी विषयों की समझ मजबूत करना जरूरी है।
इसे भी देखें:-भारत लौटते ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे अभिजीत दिपके, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शिक्षकों के स्थानांतरण से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को नियमानुसार स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया।
निर्देश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक में 10 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत शिक्षकों और कक्षा 9 से 12 तक में छह वर्ष से अधिक समय से कार्यरत शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू की जानी है।
No Comment! Be the first one.