NEWS SAGA DESK
कोयला कारोबारी एलबी सिंह के करीबी ओम प्रकाश सिंह से ईडी ने पूछताछ की। जांच एजेंसी बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
रांची: कोयला कारोबारी एलबी सिंह के करीबी बताए जा रहे ओम प्रकाश सिंह से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ शुक्रवार को जारी रही। 28 जुलाई को हुई छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य जानकारियों के आधार पर जांच एजेंसी ने ओम प्रकाश सिंह को पूछताछ के लिए समन भेजा था। समन के अनुसार, वह निर्धारित समय पर ईडी कार्यालय पहुंचा, जहां आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधिकारियों ने उससे पूछताछ शुरू की।

ईडी की जांच फिलहाल एलबी सिंह की कारोबारी गतिविधियों से जुड़े बैंक खातों और उनमें हुए वित्तीय लेनदेन के इर्द-गिर्द केंद्रित बताई जा रही है। जांच एजेंसी दस्तावेजों में सामने आए वित्तीय विवरणों को खंगालने के साथ संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
28 जुलाई की छापेमारी में मिले दस्तावेज
जानकारी के अनुसार, ईडी ने 28 जुलाई को धनबाद में एलबी सिंह और उनसे जुड़े लोगों के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान जांच एजेंसी को कई दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड मिलने की बात सामने आई थी।
इन दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच के दौरान एजेंसी को कुछ ऐसे बैंक खातों की जानकारी मिली, जो कथित तौर पर एलबी सिंह की व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ खाते दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए थे।
इसे भी देखें:-संसद में BJP सांसदों का जोरदार प्रदर्शन | झारखंड में छात्रों पर कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी पर हमला
ईडी अब इन बैंक खातों के वास्तविक इस्तेमाल, उनमें जमा रकम और विभिन्न खातों के बीच हुए लेनदेन की जानकारी जुटा रही है।
दूसरे लोगों के नाम पर खाते खुलवाने का संदेह
जांच एजेंसी को संदेह है कि कारोबारी गतिविधियों से संबंधित रकम कुछ ऐसे बैंक खातों में जमा की जाती थी, जिनके खाताधारक दूसरे लोग थे। एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि संबंधित खातों का वास्तविक संचालन कौन करता था और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े फैसले किसके निर्देश पर लिए जाते थे।
No Comment! Be the first one.