प्रिंस खान के गुर्गों से धनबाद पुलिस की मुठभेड़, दो शूटर घायल; तीसरा फरार

NEWS SAGA DESK

प्रिंस खान के नेटवर्क से जुड़े अपराधियों और धनबाद पुलिस के बीच मुठभेड़ में दो शूटर घायल हो गए। तीसरा आरोपी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर फरार हो गया।

धनबाद: फरार अपराधी प्रिंस खान और उसके भाई गोपी खान के खिलाफ धनबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के दौरान सोमवार देर रात बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के निरंकारी चौक के पास पुलिस और लेवी वसूलने पहुंचे तीन अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो अपराधियों को गोली लगी, जबकि तीसरा आरोपी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर फरार हो गया।

प्रिंस खान

पुलिस के अनुसार, बाइक पर सवार तीन अपराधी निरंकारी चौक के आसपास लेवी वसूलने पहुंचे थे। इसकी सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस जवानों ने भी फायरिंग की।

मुठभेड़ के दौरान पुटकी निवासी शूटर नजीर अंसारी (36) और वासेपुर निवासी इरफान अंसारी (35) के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को पुलिस की निगरानी में इलाज के लिए SNMMCH में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनका तीसरा साथी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा।

प्रिंस खान के नेटवर्क पर पुलिस की नजर

धनबाद पुलिस लंबे समय से फरार अपराधी प्रिंस खान और उसके भाई गोपी खान से जुड़े आपराधिक नेटवर्क पर कार्रवाई कर रही है। पुलिस को आशंका है कि लेवी वसूली के लिए पहुंचे आरोपी इसी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मामले की जांच और तेज कर दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब और मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार विनोद समेत धनबाद और बरवाअड्डा थाना की पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

हथियार, मोबाइल और बाइक बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से हथियार, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है। बरामद सामान की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों का मकसद क्या था और वे किसके निर्देश पर लेवी वसूलने पहुंचे थे।

इसे भी देखें...JSSC-CGL परीक्षा रद्द! हेमंत सोरेन सरकार का बड़ा फैसला, 24 दिन बाद छात्रों को बड़ी राहत

गोपी खान से फोन पर बातचीत का खुलासा

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि तीनों अपराधी लेवी वसूलने पहुंचे थे। पुलिस गश्ती दल के पहुंचने पर अपराधियों ने पुलिस वाहन पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी घायल हुए और तीसरा फरार हो गया।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला है कि आरोपियों में से एक की फोन पर गोपी खान से बातचीत हो रही थी। इस जानकारी के बाद पुलिस इस पूरे मामले में प्रिंस खान और गोपी खान के नेटवर्क की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Read More News

Read More