NEWS SAGA DESK
कोडरमा में बैंक लूट की योजना बना रहे अपराधियों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य हिरासत में लिए गए।
कोडरमा में बैंक लूट की साजिश का खुलासा
कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में बैंक लूट की योजना बना रहे अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इंदरवा-झरनाकुण्ड इलाके में सोमवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इंदरवा-झरनाकुण्ड स्थित एक मकान में कुछ अपराधी बैंक लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद तिलैया थाना पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही एक अपराधी ने हथियार तान दिया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित के पैर में गोली लगी।
तीन अन्य आरोपित भी हिरासत में
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से तीन अन्य संदिग्ध आरोपितों को भी हिरासत में लिया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपित बिहार के सिवान जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
इसे भी देखें:-रांची सदर अस्पताल में देवेंद्र नाथ समेत आंदोलनकारियों का अनशन खत्म, मंत्री ने पिलाया जूस | Ranchi
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह किस बैंक को निशाना बनाने की तैयारी में था और इस साजिश में कितने लोग शामिल थे। पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी भी घायल
अपराधियों की धर-पकड़ के दौरान तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के पैर में भी चोट आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी कुमार शिवाशीष सदर अस्पताल पहुंचे और घायल थाना प्रभारी का हालचाल जाना। उन्होंने हिरासत में लिए गए आरोपितों से भी पूछताछ की।
No Comment! Be the first one.