रांची के मोरहाबादी मैदान में 1 से 7 अक्टूबर तक एक्सपो उत्सव 2026 होगा। 400 स्टॉल, नाइट मार्केट, डॉग शो, फैशन शो और कई प्रतियोगिताएं होंगी।
News Saga Desk
रांची। युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई की ओर से आयोजित बहुप्रतीक्षित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ का आगाज 1 अक्टूबर से होने जा रहा है। मोरहाबादी मैदान में आयोजित यह सात दिवसीय व्यापार एवं मनोरंजन उत्सव 1 से 7 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष एक्सपो उत्सव अपनी 29वीं वर्षगांठ मना रहा है।
30 सितंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि इस बार एक्सपो में देश के अलग-अलग शहरों से करीब 400 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें बड़े ब्रांड्स, स्टार्टअप्स, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स और अन्य उत्पादों के स्टॉल शामिल होंगे।
महिलाओं के लिए खास ‘पिंक हैंगर’
इस बार एक्सपो में महिला उद्यमियों के लिए विशेष पहल की गई है। महिलाओं के लिए ‘पिंक हैंगर’ तैयार किया गया है, जहां केवल महिला उद्यमियों को स्टॉल उपलब्ध कराया गया है। आयोजकों का कहना है कि इसका उद्देश्य महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद और व्यवसाय को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देना है। वहीं, बच्चों के मनोरंजन के लिए एक्सपो परिसर में एम्यूजमेंट पार्क बनाया गया है, जहां विभिन्न प्रकार के झूले और मनोरंजन के साधन उपलब्ध रहेंगे।
हर दिन होंगे अलग-अलग कार्यक्रम
एक्सपो उत्सव में खरीदारी के साथ मनोरंजन और प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। 1 अक्टूबर को बच्चों के लिए जूनियर मास्टरशेफ प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें बच्चे अलग-अलग व्यंजन तैयार करेंगे और विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
2 अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता, ट्रेजर हंट और तंबोला का आयोजन होगा।
3 अक्टूबर को डॉग शो और वॉइस ऑफ एक्सपो प्रतियोगिता होगी।
4 अक्टूबर को एक्सपो टैंक और डांस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
वहीं 7 अक्टूबर को योगा प्रतियोगिता और बुटिक्स एक्सपो फैशन शो का आयोजन होगा। आयोजकों के मुताबिक एक्सपो के दौरान होने वाले कार्यक्रमों के लिए QR कोड के जरिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। इसके अलावा एंट्री टिकट भी ऑनलाइन बुक किए जा सकेंगे।
3 अक्टूबर को नाइट मार्केट, 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग
रांचीवासियों के लिए इस बार एक्सपो में विशेष आकर्षण के तौर पर 3 अक्टूबर को नाइट मार्केट आयोजित किया जाएगा। इसके तहत रात 9 बजे से 12 बजे तक एक्सपो के स्टॉल खुले रहेंगे। इस दौरान लाइव बैंड भी लोगों का मनोरंजन करेगा।वहीं, 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग का आयोजन किया जाएगा। इसमें बाहर से आए कलाकार मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे।
पंचरत्न स्काईलाइन बना Principal Sponsor
‘एक्सपो उत्सव 2026’ के Principal Sponsor पंचरत्न स्काईलाइन (Panchratna Skyline – A legacy of trust) हैं। इसके साथ ही टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी आयोजन के Powered पार्टनर हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए शहर और क्षेत्र के कई प्रमुख ब्रांड्स भी अलग-अलग श्रेणियों में पार्टनर के रूप में जुड़े हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संस्था के सदस्य रहे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक्सपो के संयोजक जेसी सिद्धार्थ चौधरी, रांची चैप्टर के मीडिया प्रभारी जेसी रवि सामोता, अध्यक्ष सीए अभिषेक जैन, सचिव जेसी साकेत अग्रवाल समेत संस्था के कई सदस्य और पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में को-ऑर्डिनेटर जेसी सौरभ जालान, जेसी राहुल टिबरेवाल, जेसी सौरव नारेड़ी, जेसी सीए दीपक पटेल (एक्सपो ट्रेजरर), जेसी ऋषभ जालान (डायरेक्टर बिजनेस) और जेसी अनिमेश निखिल (उपाध्यक्ष-बिजनेस) ने भी हिस्सा लिया।
No Comment! Be the first one.