महाराष्ट्र के लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुणे पुलिस की 5,053 पन्नों की चार्जशीट ने जांच की कई अहम कड़ियां सामने रखी हैं।
NEWS SAGA DESK
महाराष्ट्र के लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुणे पुलिस की 5,053 पन्नों की चार्जशीट ने जांच की कई अहम कड़ियां सामने रखी हैं। पुलिस के मुताबिक, 18 जून 2026 को हुई केतन की मौत को शुरुआत में गिरने की घटना माना गया था, लेकिन जांच के बाद इसे कथित हत्या का मामला बताया गया। चार्जशीट में केतन की मंगेतर सिया गोयल, चेतन चौधरी और रितेश हांगे को आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, जांच में डिजिटल डेटा, मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड, CCTV, तस्वीरों और गवाहों के बयान अहम सबूत बने। जांचकर्ताओं ने करीब 1,801 डिजिटल बातचीत का विश्लेषण किया और 11 कथित तौर पर डिलीट की गई WhatsApp चैट भी फॉरेंसिक प्रक्रिया से बरामद कीं।
ChatGPT और इंटरनेट सर्च का भी जिक्र
चार्जशीट के मुताबिक, सिया ने केतन की मौत से पहले ChatGPT का इस्तेमाल भावनात्मक मैसेज तैयार करने के लिए किया था। पुलिस ने यह भी दावा किया कि मौत के बाद इंटरनेट पर शोक जताने और पुलिस जांच से जुड़े सवालों की सर्च की गई। जांच में लोहागढ़ की एक पुरानी मौत और मेघालय के राजा रघुवंशी हत्याकांड से जुड़ी ऑनलाइन सर्च का भी उल्लेख है।
लोहागढ़ में पहले भी जाने का दावा
पुलिस चार्जशीट में आरोप है कि घटना से पहले भी सिया और केतन लोहागढ़ गए थे। जांचकर्ताओं ने कुछ तस्वीरों और डिजिटल रिकॉर्ड को संभावित रेकी से जोड़ा है। पुलिस का दावा है कि 14 जून को भी कथित तौर पर केतन को धक्का देने की कोशिश हुई थी, जबकि 18 जून की घटना में उसकी मौत हो गई।जांच में आरोपियों द्वारा अपराध और जांच से बचने से संबंधित फिल्मों व अन्य कंटेंट को देखने का भी उल्लेख है। हालांकि, चार्जशीट में लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण अदालत में होने वाली सुनवाई के बाद ही होगा
No Comment! Be the first one.