रांची में धुर्वा की बस्तियों को बचाने की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतरे। बस्ती बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले महिला और पुरुषों ने रैली निकालकर बस्तियों को उजाड़ने की कार्रवाई का विरोध किया
NEWS SAGA DESK
रांची में धुर्वा की बस्तियों को बचाने की मांग को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतरे। बस्ती बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले महिला और पुरुषों ने रैली निकालकर बस्तियों को उजाड़ने की कार्रवाई का विरोध किया। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर प्रोजेक्ट भवन की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।
रैली को देखते हुए प्रोजेक्ट भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई और बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए लगातार निगरानी की गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से धुर्वा की इन बस्तियों में रह रहे हैं और यहीं उनका घर-परिवार बसा हुआ है। उनका कहना है कि बस्तियों को हटाए जाने की कार्रवाई से सैकड़ों परिवारों के सामने आवास और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी गंभीर समस्याएं खड़ी हो सकती हैं।
बस्ती बचाओ संघर्ष समिति ने प्रशासन से मांग की कि बस्तियों को हटाने की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं उनके हितों को ध्यान में रखते हुए उचित समाधान निकाला जाए। समिति का कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के लोगों को हटाना उनके लिए बड़ी परेशानी पैदा कर सकता है।
दरअसल, HEC की जमीन को खाली कराने की कवायद को लेकर धुर्वा क्षेत्र में पहले भी विरोध की स्थिति सामने आ चुकी है। इसी मुद्दे को लेकर समिति ने सोमवार को रैली निकालकर प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं।
No Comment! Be the first one.