गोपालगंज में छात्रा की मौत के बाद बवाल, आरोपी के घर के सामने किया अंतिम संस्कार

NEWS SAGA DESK

गोपालगंज के थावे में लापता छात्रा का शव मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपी के घर के सामने शव रखकर आग लगा दी। घटना के बाद गांव में तनाव, पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और आक्रोश पैदा करने वाली घटना सामने आई है. लापता 12 वर्षीय छात्रा संजना का शव मिलने और पोस्टमार्टम के बाद, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने हत्या के आरोपी के घर के मुख्य गेट की सीढ़ी के पास लकड़ियां सजाकर शव को रख दिया और उसमें आग लगा दी. बताया जा रहा है कि शव करीब ढाई घंटे तक जलता रहा. इस अप्रत्याशित घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है, जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.

बिहार के गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र
सुबह 7:30 बजे आरोपी के घर पहुंचे आक्रोशित ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद छात्रा का शव परिजनों को सौंपा था. इसके करीब दो घंटे बाद, सुबह 7:30 बजे परिजन और गांव के सैकड़ों आक्रोशित लोग शव लेकर सीधे हत्या के आरोपी के घर के सामने पहुंच गए.

वहां घर के मुख्य द्वार पर ही लकड़ियां चुनकर शव को मुखाग्नि दे दी गई. इस दौरान मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन लोगों के भारी आक्रोश के सामने स्थिति बेहद संवेदनशील हो गई थी.

साबुन देने गई थी संजना, फिर नहीं लौटी वापस

घटना की पृष्ठभूमि बताते हुए परिजनों ने कहा कि संजना गत 12 अक्टूबर को बथान में पशुओं को चारा खिलाने गई थी. उसी दौरान पट्टीदार के घर की एक बुजुर्ग महिला ने उसे साबुन पहुंचाने के लिए कहा. साबुन देने जाने के बाद से ही संजना रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई और वापस घर नहीं लौटी.

संजना के घर न लौटने पर उसके चाचा ने थावे थाने में उसकी गुमशुदगी और अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. बुधवार को गांव के ही एक पुराने मकान के पीछे संजना का शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया. शुरुआती निरीक्षण में संजना के सिर और गले पर गहरे चोट के निशान पाए गए, जिससे परिजनों ने स्पष्ट रूप से हत्या की आशंका जताई है.

Read More News

बिहार में 2030 से पहले मिलेगा स्थानीय लोगों को रोजगार, मुजफ्फरपुर में 140.95 करोड़ के लेदर क्लस्टर का उद्घाटन

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उद्योगों को बढ़ावा देने का किया ऐलान, 1,000 मेगावाट क्षमता का डेटा...

Read More