दीपावली के दिन पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का सरकारी आवास खाली कराए जाने पर राष्ट्रीय OBC मोर्चा ने सवाल उठाए। प्रदेश अध्यक्ष ने जांच और कार्रवाई की मांग की।
रांची: दीपावली के दिन पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का धुर्वा स्थित सरकारी आवास खाली कराए जाने की प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। मोर्चा ने कहा है कि पूर्व विधायक के साथ हुई इस कार्रवाई में लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया।
इस संबंध में राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने मंगलवार को रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे पर्व के दिन एक महिला पूर्व विधायक का सरकारी आवास खाली कराया जाना उचित नहीं है। राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा इस मामले में अंबा प्रसाद के साथ खड़ा है।
राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के सरकारी आवास को खाली कराने की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को दरकिनार किया गया। उन्होंने मांग की कि यदि इस मामले में किसी अधिकारी की संलिप्तता सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि इस घटना को केवल सरकारी आवास खाली कराने के मामले तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए। एक महिला के साथ त्योहार के दौरान इस तरह का व्यवहार किया जाना निंदनीय है।
राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने पूरे मामले में जवाबदेही तय करने और कार्रवाई की प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है। फिलहाल, इस मामले को लेकर मोर्चा की ओर से उठाए गए सवालों पर संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
No Comment! Be the first one.