निशा भगत मौत मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, आरोपी अजय तिर्की के घर सात घंटे तक छानबीन

रांची में निशा भगत की संदिग्ध मौत मामले में CBI ने नामजद आरोपी अजय तिर्की के घर सात घंटे तक छानबीन की। मोबाइल, दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच हुई।

News Saga Desk

रांची: आदिवासी नेता निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। सोमवार को सीबीआई की विशेष टीम ने रांची के पहाड़ी टोला स्थित नामजद आरोपी अजय तिर्की के आवास पर करीब सात घंटे तक सघन छानबीन और पूछताछ की। इस दौरान जांच अधिकारियों ने मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की। बताया जा रहा है कि टीम ने कुछ महत्वपूर्ण सामान भी जब्त किए हैं। हालांकि, जब्ती को लेकर सीबीआई की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार, सीबीआई की विशेष टीम ने अजय तिर्की के आवास पर कई घंटों तक जांच-पड़ताल की। इस दौरान घर में मौजूद अन्य सदस्यों से भी पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी ने अजय तिर्की के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिए हैं। करीब सात घंटे की कार्रवाई के बाद रात 11 बजकर 16 मिनट पर सीबीआई की टीम आवास से बाहर निकली।

6 नवंबर को हुई थी निशा भगत की संदिग्ध मौत

गौरतलब है कि 6 नवंबर को रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र के डहू टोली स्थित आवास पर आदिवासी नेता निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत कथित तौर पर फांसी लगाने से हुई थी।

मौत से पहले निशा भगत ने फेसबुक लाइव के माध्यम से अपनी परेशानियां साझा की थीं। वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे।

अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा हैं नामजद आरोपी

निशा भगत के फेसबुक लाइव वीडियो और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले में प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप सामने आए थे। इस संबंध में दर्ज प्राथमिकी में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया गया है।

मामले की गंभीरता और निष्पक्ष जांच की मांग को देखते हुए इसकी जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। अब केंद्रीय जांच एजेंसी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

डिजिटल साक्ष्यों से खुल सकते हैं अहम राज

सीबीआई की इस कार्रवाई को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच से घटना से जुड़े नए तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि, जांच एजेंसी ने अब तक कार्रवाई के दौरान जब्त सामान या पूछताछ में सामने आई जानकारी का विस्तृत आधिकारिक ब्योरा जारी नहीं किया है। ऐसे में सीबीआई की आगे की कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Read More News

दिल्ली से गुवाहाटी तक बुलेट ट्रेन की योजना, बिहार के पांच जिलों को मिल सकती है हाईस्पीड रेल कनेक्टिविटी

दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की प्रस्तावित योजना में बिहार के बक्सर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया...

Read More