ऋषिकेश में बदरीनाथ हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी बस 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 9 लोगों की मौत और 25 घायल। पीएम मोदी और सीएम धामी ने दुख जताया।
News Saga Desk
ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश में मंगलवार तड़के बदरीनाथ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस में उत्तराखंड, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के श्रद्धालु यात्रा कर रहे थे। हादसे में घायल यात्रियों की संख्या पहले 13 बताई गई थी, जो बाद में बढ़कर 25 हो गई। वहीं, पोस्टमार्टम के लिए पांच शव एम्स ऋषिकेश लाए जाने की जानकारी सामने आई है।
रेलिंग तोड़कर 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस
मुनिकीरेती के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान के अनुसार, हादसा बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के पास भोर के समय हुआ। बस अचानक सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बस के फिटनेस और परमिट दस्तावेज थे वैध
हादसे के बाद बस के दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र 25 अक्टूबर 2028 तक वैध था। बस का बीमा वर्ष 2027 और परमिट वर्ष 2029 तक मान्य है। बताया गया कि 32 सीटों वाली यह बस वर्ष 2024 में खरीदी गई थी। वाहन परमवीर सिंह, निवासी मदन नेगी, प्रतापनगर के नाम पर पंजीकृत है।
एआरटीओ जेएस मिश्रा के अनुसार, जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां सड़क पर ढलान है। प्रारंभिक आशंका है कि बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस खाई में गिर गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया दुख
इस भीषण सड़क दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा है।
No Comment! Be the first one.