झारखंड में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के लिए धान खरीद की तैयारी शुरू। 24 जिलों में मंडी मजदूर ठेकेदारों की नियुक्ति के लिए 30.57 करोड़ रुपये का ई-टेंडर जारी किया गया है।
झारखंड में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान खरीद की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य में किसानों से धान की खरीद, राइस मिलों तक उसकी ढुलाई और तैयार चावल को सरकारी गोदामों तक पहुंचाने की व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सरकार ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड ने राज्य के सभी 24 जिलों में मंडी मजदूर ठेकेदारों की नियुक्ति के लिए ई-टेंडर जारी किया है। इस पूरी व्यवस्था पर करीब 30.57 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
टेंडर के तहत चयनित एजेंसियों को धान खरीद केंद्रों से लेकर राइस मिलों और सरकारी गोदामों तक लोडिंग-अनलोडिंग सहित अन्य कार्यों के लिए मजदूर उपलब्ध कराने होंगे। ठेकेदारों के साथ शुरुआती तौर पर छह महीने का अनुबंध किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इसकी अवधि तीन महीने तक बढ़ाई जा सकेगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य धान खरीद और चावल के भंडारण से जुड़ी गतिविधियों को समय पर पूरा करना है।
33.54 लाख क्विंटल धान खरीदने का अनुमान
झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के टेंडर दस्तावेज के अनुसार, खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के दौरान राज्य में कुल 33,54,248.792 क्विंटल धान खरीदने का अनुमान लगाया गया है। इस धान की मिलिंग के बाद 68 प्रतिशत की दर से करीब 22,80,889.178 क्विंटल कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) तैयार होने की संभावना है।
इस प्रकार धान और तैयार चावल की कुल अनुमानित मात्रा लगभग 56.35 लाख क्विंटल होगी। इतनी बड़ी मात्रा में कृषि उपज और तैयार चावल के परिवहन, लोडिंग-अनलोडिंग तथा हैंडलिंग के लिए व्यापक स्तर पर मजदूरों की आवश्यकता होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम ने 24 जिलों के लिए ठेकेदारों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की है।
टेंडर का कुल अनुमानित मूल्य 30,57,06,234.86 रुपये निर्धारित किया गया है। राज्य स्तरीय समिति की ओर से मजदूरी की दर 54.25 रुपये प्रति क्विंटल तय की गई है। इसी दर के आधार पर धान और तैयार चावल की अनुमानित मात्रा के अनुसार काम का मूल्य निर्धारित किया गया है।
रांची, पूर्वी सिंहभूम और देवघर में भी बड़े काम
जिलावार टेंडर मूल्य के अनुसार, राज्य के अलग-अलग जिलों में धान खरीद और चावल की ढुलाई से संबंधित कार्यों के लिए अलग-अलग राशि निर्धारित की गई है। रांची में करीब 1.91 करोड़ रुपये के काम का अनुमान लगाया गया है। वहीं पूर्वी सिंहभूम में 2.36 करोड़ रुपये और पश्चिमी सिंहभूम में 1.42 करोड़ रुपये के काम प्रस्तावित हैं।
इसके अलावा हजारीबाग में 1.56 करोड़ रुपये, देवघर में 1.74 करोड़ रुपये, साहिबगंज में 1.76 करोड़ रुपये और दुमका में 1.67 करोड़ रुपये के काम का अनुमान है। इन जिलों में धान खरीद केंद्रों से राइस मिलों तक धान पहुंचाने और तैयार चावल को निर्धारित गोदामों में जमा कराने के लिए मजदूरों की व्यवस्था की जाएगी।
जिलावार टेंडर जारी करने का उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों में खरीद और परिवहन की जरूरतों के अनुसार मजदूरों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इससे धान खरीद केंद्रों पर बोरियों की आवाजाही और मिलों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में आवश्यक श्रमबल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
No Comment! Be the first one.