रांची के गोकुलधाम में श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव आयोजित। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गौ पूजन किया, समाजसेवियों को सम्मानित किया और रांची गौशाला न्यास की 122 वर्षों की सेवा की सराहना की।
News Saga Desk
रांची: राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित गोकुलधाम में श्रीकृष्ण गोपाष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने गौशाला परिसर में विधि-विधान से गौ पूजन किया और गौ सेवा से जुड़े दानदाताओं, सहयोगियों तथा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
वर्ष 1904 में स्थापित रांची गौशाला न्यास पिछले 122 वर्षों से गौ सेवा, गौ संरक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। गोपाष्टमी महोत्सव के दौरान राज्यपाल ने न्यास की सेवाओं और सामाजिक योगदान की सराहना की।
गोपाष्टमी हमारी संस्कृति और परंपरा का प्रतीक : राज्यपाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि गोपाष्टमी का पर्व हमारी आस्था, संस्कृति और परंपरा से गहराई से जुड़ा हुआ है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रकृति, पशु-पक्षियों और समस्त जीव-जंतुओं के प्रति प्रेम, करुणा और संवेदनशीलता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को श्रद्धा, करुणा, सेवा और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी गौवंश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
अन्नपूर्णा सेवा प्रकल्प की राज्यपाल ने की सराहना
राज्यपाल ने गौशाला परिसर में संचालित अन्नपूर्णा सेवा प्रकल्प की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि मात्र 10 रुपये में लोगों को भरपेट पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना मानव सेवा की उत्कृष्ट भावना को दर्शाता है।
राज्यपाल ने कहा कि गौ सेवा और समाज सेवा जैसे कार्य समाज में करुणा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
No Comment! Be the first one.