प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। जनसभा में पीएम मोदी ने बिहार के विकास, 2 लाख करोड़ के निवेश समझौते और गरीबी उन्मूलन की उपलब्धियां गिनाईं। पढ़ें पूरी खबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने नए पुल का उद्घाटन किया। इस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। पुल के लोकार्पण से पहले एक भावुक और सौहार्दपूर्ण दृश्य देखने को मिला, जब पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को गले लगाया और पुल पर टहलते हुए गमछा लहराकर उपस्थित जनसमूह का अभिवादन किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बिहार के विकास, गरीबी के खिलाफ अभियान और एनडीए सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से जिक्र किया।
दशकों की बदहाली से सुशासन की ओर बढ़ा बिहार जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी। जिस बिहार को दशकों तक बदहाली झेलनी पड़ी, उसे नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का भरोसा मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार ने लंबे समय तक बिहार की सेवा की और अब उनके आशीर्वाद से सम्राट चौधरी की टीम राज्य को आगे बढ़ा रही है।
पीएम मोदी ने दावा किया कि एनडीए के शासनकाल में बिहार में विकास की होड़ दिख रही है और हर क्षेत्र में विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि एक दौर ऐसा था जब बिहार में घोटालों की गिनती होती थी, लेकिन आज निवेश के आंकड़े पेश किए जाते हैं। पहले गांवों में बिजली नहीं होती थी, जबकि आज बिहार बिजली उत्पादन के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।
गरीबी के खिलाफ लड़ाई में बिहार का बड़ा योगदान प्रधानमंत्री ने कहा कि देश गरीबी के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जीत रहा है। जब साफ नीयत से काम किया जाता है, तो उसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि जिस देश में कांग्रेस दशकों तक गरीबी हटाओ के नारे लगाती रही, वहां बीते 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। यह सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का नतीजा है, क्योंकि गरीब कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। पीएम मोदी ने कहा कि पक्का घर, मुफ्त इलाज, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाकर करोड़ों लोगों को सम्मान के साथ जीने का अवसर मिला है। गरीबी के खिलाफ इस राष्ट्रीय अभियान में बिहार का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है और डबल इंजन सरकार ने योजनाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए निरंतर काम किया है।
43 लाख पक्के मकान और किसानों को बड़ी मदद बिहार में गरीबों और किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के आंकड़े साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि राज्य में 43 लाख लोगों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा बिहार के 75 लाख किसानों के बैंक खातों में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत हजारों करोड़ रुपये की राशि भेजी गई है, जबकि पीएम आवास योजना के अंतर्गत हजारों परिवारों को उनके पक्के घरों की चाबियां सौंपी गई हैं।
एक साल में दो लाख करोड़ के निवेश समझौते और नई सौगातें पीएम मोदी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में पिछले एक साल के दौरान बिहार में दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं। किसानों की सुविधा के लिए सिंचाई के वास्ते 12 घंटे बिजली सुनिश्चित करने का फैसला लिया गया है। वहीं, उच्च शिक्षा को बढ़ावा देते हुए एक साल में 200 से अधिक नए डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास कार्यों की फेहरिस्त इतनी लंबी है कि उसे किसी एक मंच से पूरा गिनाया नहीं जा सकता, बल्कि इसे यहां आकर महसूस किया जा सकता है। शहरी परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए उन्होंने 100 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाने का भी उल्लेख किया।
No Comment! Be the first one.