गिरिडीह के खुखरा में 355 लाभुकों ने किया गृह प्रवेश, डीसी ने सड़क-पुल निर्माण का दिया भरोसा

NEWS SAGA DESK

झारखंड के गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत खुखरा पंचायत में उपायुक्त राम निवास यादव शामिल हुए। कार्यक्रम में 355 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया और पारसनाथ क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया। पढ़ें पूरी खबर।

भगवान बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर गिरिडीह जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को गिरिडीह के उपायुक्त राम निवास यादव पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

355 आवासों में गृह प्रवेश, अब तक 1,296 को मिला नए घर का सौगात कार्यक्रम के दौरान आवास योजनाओं के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश का आयोजन किया गया। खुखरा पंचायत में अबुआ आवास योजना के तहत छह लाभुकों को उनके नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। इसके अलावा पीएम जनमन आवास योजना और अबुआ आवास योजना के अंतर्गत शनिवार को पूरे जिले में कुल 355 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। आंकड़ों के अनुसार, अब तक जिले में कुल 1,296 आवासों में गृह प्रवेश संपन्न हो चुका है। जिला प्रशासन की इस पहल से पात्र परिवारों को पक्का मकान मिलने के साथ-साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की दिशा में ठोस कदम बढ़ाया गया है।

पारसनाथ पहाड़ के गांवों में सड़क व पुल निर्माण को लेकर गंभीरता अपने संबोधन में उपायुक्त राम निवास यादव ने विशेष रूप से पारसनाथ पहाड़ क्षेत्र के गांवों में सड़क और पुल-पुलियों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पहाड़ी इलाकों में बसे गांवों तक आवागमन की व्यवस्था को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में आधारभूत संरचना के विकास पर काम किया जा रहा है। उपायुक्त ने बताया कि क्षेत्र में दो-तीन पुलों के निर्माण को पहले ही स्वीकृति दी जा चुकी है।

अंचल अधिकारी के माध्यम से आवेदन देने की अपील उपायुक्त ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की कि सड़क अथवा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित जो भी समस्याएं अभी शेष हैं, उनके लिए वे अंचल अधिकारी (CO) के माध्यम से विधिवत आवेदन और आवश्यक दस्तावेज जिला प्रशासन को सौंपें। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और ग्रामीणों की जरूरतों व प्राथमिकताओं के आधार पर सड़क निर्माण से जुड़े प्रस्तावों को भी स्वीकृति दिलाने की दिशा में पहल होगी। उन्होंने योजनाओं के सुचारू क्रियान्वयन में ग्रामीणों से आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखने का भी आग्रह किया।

लोक संस्कृति और पारंपरिक कला को मिला प्रोत्साहन कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने स्थानीय कलाकारों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया और उनका उत्साहवर्धन किया। उल्लेखनीय है कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत जिले के विभिन्न प्रखंडों में झारखंड की समृद्ध विरासत, लोक संस्कृति और पारंपरिक लोकनृत्यों पर आधारित आयोजन किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य स्थानीय कला व परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

Read More News

गिरिडीह के बजरंग चौक में संकट मोचन मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न, महाप्रसाद में उमड़े हजारों श्रद्धालु

झारखंड के गिरिडीह स्थित बजरंग चौक में श्री संकट मोचन मंदिर का तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव...

चारा घोटाले में सरकारी गवाह को माफी देने पर लालू के वकील ने उठाए सवाल, हाईकोर्ट ने मांगी रिपोर्ट

चारा घोटाला मामले में तीन आरोपियों को सरकारी गवाह बनाकर माफी देने की प्रक्रिया पर लालू प्रसाद के...

वैशाली में नीतीश सेतु का उद्घाटन, पीएम मोदी बोले- बिहार में अब घोटाले नहीं, निवेश की चर्चा होती है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन किया।...

Read More