शेख हसीना की स्वदेश वापसी की घोषणा के बीच बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव बढ़ा। आठ जिलों में बीजीबी की 101 प्लाटून तैनात, विपक्ष से सरकार की बातचीत शुरू।
News Saga Desk
ढाका। बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की घोषणा के बीच देश में राजनीतिक तनाव और हिंसा बढ़ गई है। बिगड़ती कानून-व्यवस्था को देखते हुए प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार ने विपक्षी दलों से बातचीत शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री ने सोमवार को नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) के नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया। वहीं, हिंसा प्रभावित आठ जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की 101 प्लाटून तैनात की गई हैं।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मांगा समर्थन
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर ने मंगलवार को विदेशी राजनयिकों को देश के मौजूदा राजनीतिक हालात और सुरक्षा चुनौतियों की जानकारी दी। उन्होंने शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध बांग्लादेश के निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सहयोग मांगा।
कबीर ने आरोप लगाया कि अवामी लीग से जुड़े लोग देश और विदेश में अशांति फैलाने की गतिविधियों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक बदलाव की प्रक्रिया को बाधित नहीं होने देने के लिए प्रतिबद्ध है।
21 दिनों में हिंसा की 158 घटनाएं
विदेश राज्यमंत्री के मुताबिक, एक नवंबर से 21 नवंबर के बीच देश की 41 प्रशासनिक इकाइयों में हिंसा की कुल 158 घटनाएं दर्ज की गई हैं। गोपालगंज, फरीदपुर, पाबना और चटगांव समेत कई इलाकों में आगजनी, तोड़फोड़ और हिंसक झड़पों की खबरें सामने आई हैं।
पुलिस प्रतिष्ठानों, सांसदों के आवासों, बीएनपी कार्यालयों और ग्रामीण बैंक की शाखाओं को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी दी गई है। फरीदपुर में एक जुलूस पर हुए हमले में बीएनपी के दो नेताओं की मौत की खबर है।
16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहती हैं हसीना
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि दो वर्ष से अधिक समय से भारत में रह रहीं शेख हसीना 16 दिसंबर को विजय दिवस के अवसर पर बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। उनके प्रवक्ता के मुताबिक, हसीना ने सरकार से स्वदेश वापसी के लिए सरकारी विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस का विमान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
हालांकि, बांग्लादेश के मुख्य अभियोजक मोहम्मद अमीनुल इस्लाम ने इस मांग को खारिज करते हुए कहा कि मौत की सजा पाए किसी दोषी को वापस लाने के लिए सरकारी विमान भेजना अभूतपूर्व होगा। उन्होंने अवामी लीग की कथित भूमिका को लेकर कानूनी जांच जारी रहने की भी जानकारी दी।
आठ जिलों में बढ़ाई गई सुरक्षा
सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गोपालगंज, ढाका, गाजीपुर, नारायणगंज, मयमनसिंह, फरीदपुर, चटगांव और कॉक्स बाजार में बीजीबी की 101 प्लाटून तैनात की हैं।
बीजीबी मुख्यालय के जनसंपर्क अधिकारी शरीफुल इस्लाम के अनुसार, गृह मंत्रालय के निर्देश पर तैनात जवान स्थानीय प्रशासन और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
No Comment! Be the first one.