झारखंड के हजारीबाग स्थित उपकार होटल में मंगलवार देर रात शादी समारोह के दौरान हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। बारात लगाने को लेकर विवाद के बाद फायरिंग की बात सामने आई है। पढ़ें पूरी खबर।
झारखंड के हजारीबाग शहर स्थित उपकार होटल में मंगलवार देर रात आयोजित शादी समारोह के दौरान गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुई फायरिंग से शादी समारोह में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया। आनन-फानन में दोनों घायलों को उपचार के लिए आरोग्यम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया और वहां भी हालत गंभीर बनी रहने के बाद आगे के इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया।
बारात लगाने को लेकर दोनों पक्षों में हुआ विवाद प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाह समारोह में वरपक्ष चतरा जिले के सिमरिया से आया था, जबकि वधूपक्ष हजारीबाग शहर के हुरहुरू मोहल्ले का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि बारात लगाने को लेकर वर और वधू पक्ष के बीच कहासुनी और विवाद हो गया। इसी दौरान एक युवक ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी, जिसकी चपेट में आकर दो लोग घायल हो गए और इनमें से एक ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद होटल में पसरा सन्नाटा, पुलिस जांच जारी गोलीबारी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। हालांकि, फायरिंग में शामिल आरोपियों तथा मृतक की पहचान को लेकर पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद उपकार होटल में सन्नाटा पसरा रहा और होटल के कर्मी भी इस प्रकरण को लेकर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।
No Comment! Be the first one.