गिरिडीह में मानव तस्करी रोकने के लिए पायलट प्रोजेक्ट, गांवा-तिसरी-देवरी में पहल शुरू करने की तैयारी

NEWS SAGA DESK

झारखंड के गिरिडीह में मानव तस्करी की रोकथाम और प्रवासी श्रमिकों व बच्चों की सुरक्षा को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। गांवा, तिसरी और देवरी में पायलट प्रोजेक्ट के तहत कार्ययोजना बनेगी और ग्रामवार रजिस्टर तैयार होगा। पढ़ें पूरी खबर।

गिरिडीह: मानव तस्करी की रोकथाम, प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा तथा संवेदनशील परिवारों व बच्चों के संरक्षण के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के गांवा, तिसरी और देवरी प्रखंडों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मानव तस्करी की रोकथाम हेतु कार्ययोजना तैयार करने, उसके प्रभावी अनुपालन और नियमित समीक्षा के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही विभागीय समन्वय, व्यवस्थित डाटा संधारण, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और ग्राम स्तर पर बाल संरक्षण तंत्र को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।

अगले दो माह में ग्रामवार प्रवासी श्रमिकों का रजिस्टर तैयार करने का निर्देश उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अगले दो माह के भीतर जिले के सभी राजस्व ग्रामों में प्रवासी श्रमिकों का रजिस्टर तैयार किया जाए। इसके लिए जिला स्तर से सभी संबंधित थानों को निर्धारित प्रारूप में रजिस्टर उपलब्ध कराया जाएगा और ग्राम स्तर पर इसे तैयार करने व नियमित रूप से संधारित करने की जिम्मेदारी चौकीदारों को दी जाएगी। रजिस्टर में प्रत्येक प्रवासी श्रमिक का नाम, पता, परिवार का विवरण, प्रवास का स्थान तथा अन्य आवश्यक जानकारियां दर्ज होंगी। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक 15 दिनों में रजिस्टर का नियमित सत्यापन किया जाए, ताकि आंकड़ों की शुद्धता और अद्यतन स्थिति बनी रहे। इस कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों, चौकीदारों और संबंधित कर्मियों का सहयोग लेने का निर्देश दिया गया।

संवेदनशील प्रखंडों, परिवहन केंद्रों पर निगरानी व बाल संरक्षण समितियों का गठन मानव तस्करी की दृष्टि से संवेदनशील गांवा, तिसरी एवं देवरी प्रखंडों के साथ-साथ रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे प्रमुख परिवहन केंद्रों पर पुलिस व परिवहन विभाग के समन्वय से विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) के सहयोग से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना साझा करने की व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त बच्चों के संरक्षण के लिए ग्राम स्तर पर बाल संरक्षण समितियों के गठन तथा पंचायत प्रतिनिधियों व कर्मियों की मदद से जोखिमग्रस्त बच्चों और कमजोर परिवारों की पहचान कर प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।

माइग्रेशन रजिस्टर, वन स्टॉप सेंटर और जागरूकता अभियान पर जोर श्रम विभाग को प्रवासी श्रमिकों के समूहों की पहचान करने, किस क्षेत्र से श्रमिक किन राज्यों में जाते हैं इसका विवरण रखने और पंचायत स्तर पर माइग्रेशन रजिस्टर तैयार कर जरूरतमंद परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, गिरिडीह और जमुआ स्थित वन स्टॉप सेंटर के संचालन व रखरखाव की समीक्षा करते हुए महिलाओं और पीड़ितों को सभी आवश्यक सुविधाएं व कानूनी सहायता सुनिश्चित करने को कहा गया। संरक्षण गृहों के नियमित निरीक्षण, सामाजिक अंकेक्षण, चिकित्सकीय जांच, काउंसलिंग और कौशल विकास प्रशिक्षण पर भी जोर दिया गया। साथ ही समाज कल्याण, श्रम और सामाजिक सुरक्षा विभाग के समन्वय से संवेदनशील प्रखंडों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सहायक समाहर्ता यश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (गिरिडीह) धीरेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनीता कुजूर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, श्रम अधीक्षक दीपिका कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1), नजारत उप समाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी (गिरिडीह) तथा कार्यपालक दंडाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Read More News

गिरिडीह में मानव तस्करी रोकने के लिए पायलट प्रोजेक्ट, गांवा-तिसरी-देवरी में पहल शुरू करने की तैयारी

झारखंड के गिरिडीह में मानव तस्करी की रोकथाम और प्रवासी श्रमिकों व बच्चों की सुरक्षा को लेकर...

गिरिडीह के +2 जिला स्कूल में परीक्षा फॉर्म की समस्या दूर, रंजीत कुमार राय की पहल से छात्रों को राहत मिली

गिरिडीह के अजीडीह स्थित +2 जिला स्कूल में चार दिनों से चली आ रही परीक्षा फॉर्म भरने की समस्या का...

अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी में पहुंचे जेल के पुराने साथी, हथियारों को लेकर किया बड़ा दावा

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी में पहुंचे जेल के पुराने साथी ने 10 राइफल...

Read More