झारखंड स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JSSC CGL)-2023 से नियुक्त 2000 से अधिक अधिकारियों ने झारखंड हाईकोर्ट में कैविएट दाखिल की है। प्रार्थियों ने अपील पर सुनवाई के दौरान अपना पक्ष सुनने का अवसर देने की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर।
रांची: झारखंड स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JSSC CGL)-2023 के माध्यम से नियुक्त 2,000 से अधिक अधिकारियों ने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। नियुक्त अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में कैविएट याचिका दाखिल कर मांग की है कि एकल पीठ के आदेश के विरुद्ध दायर किसी भी अपील पर सुनवाई के दौरान उनका पक्ष भी अनिवार्य रूप से सुना जाए।
अधिवक्ता अमृतांश वत्स के माध्यम से दाखिल हुई कैविएट प्रार्थी रमेश उरांव एवं अन्य की ओर से अधिवक्ता अमृतांश वत्स ने हाईकोर्ट में यह कैविएट दाखिल की है। याचिका में आग्रह किया गया है कि यदि एकल पीठ के फैसले को चुनौती देते हुए कोई अपील दायर की जाती है, तो बिना उनका पक्ष सुने कोई एकतरफा आदेश पारित न किया जाए। दूसरी ओर, परीक्षा में असफल रहे अभ्यर्थियों (हस्तक्षेपकर्ताओं) ने अपील याचिका दायर कर एकल पीठ के आदेश को चुनौती दी है।
एकल पीठ के आदेश से बची थी 2,000 से अधिक अभ्यर्थियों की नौकरी उल्लेखनीय है कि झारखंड हाईकोर्ट की एकल पीठ ने पूर्व में सीजीएल परीक्षा-2023 का विज्ञापन रद्द करने संबंधी राज्य सरकार की अधिसूचना को निरस्त कर दिया था। अदालत ने राज्य सरकार की उस कार्रवाई को प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन माना था। एकल पीठ के इस आदेश के परिणामस्वरूप परीक्षा के माध्यम से नियुक्त दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों की सेवा सुरक्षित रही थी। अब संभावित कानूनी चुनौती से पहले नियुक्त अधिकारियों ने कैविएट के जरिए अपना पक्ष रखने का अधिकार सुरक्षित रखने की पहल की है।
No Comment! Be the first one.