रांची के खेलगांव स्थित हॉल-बी में झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा प्रदर्शनी में गिरिडीह का स्टॉल आकर्षण का केंद्र बना है। गांडेय दस्तकार के जूट बैग, मकई का आटा, सरिया और खंडोली डैम की फिल्म को आगंतुक काफी पसंद कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर।
गिरिडीह / रांची: रांची के खेलगांव स्थित हॉल-बी में झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में गिरिडीह जिले का स्टॉल आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टॉल पर पहुंच रहे लोग जिले के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प, महिला उद्यमिता और पर्यटन स्थलों से जुड़ी जानकारियों में गहरी रुचि ले रहे हैं।
गांडेय दस्तकार के जूट बैग, मकई का आटा और सरिया चर्चा में स्टॉल पर गांडेय दस्तकार की महिलाओं द्वारा तैयार आकर्षक जूट बैग दर्शकों को खासा लुभा रहे हैं। इन बैगों पर भगवान बिरसा मुंडा की छवि और गिरिडीह के प्रमुख दर्शनीय स्थलों के चित्र उकेरे गए हैं। इसके साथ ही गिरिडीह में उत्पादित मकई के आटे सहित अन्य स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और उपयोगिता को लेकर आगंतुक जानकारी ले रहे हैं तथा खरीदारी कर रहे हैं। देशभर के निर्माण कार्यों में प्रयुक्त होने वाले गिरिडीह के सरिया को लेकर भी लोगों में उत्सुकता देखी जा रही है। पर्यावरण के लिहाज से ये जूट उत्पाद प्लास्टिक के उपयोग को घटाने और स्थानीय महिलाओं के कौशल विकास व स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन’ के तहत खंडोली डैम की फिल्म स्टॉल पर लगी एलईडी स्क्रीन के जरिए ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन डेस्टिनेशन’ पहल के अंतर्गत गिरिडीह के प्रसिद्ध खंडोली डैम पर आधारित वीडियो फिल्म प्रदर्शित की जा रही है। इस फिल्म में खंडोली डैम की प्राकृतिक छटा, जैव विविधता और पर्यटन संभावनाओं को दिखाया गया है, जिसे आगंतुक उत्सुकता से देख रहे हैं।
समन्वय और संचालन में इनकी रही भूमिका प्रदर्शनी के माध्यम से गिरिडीह के स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, उद्यमियों और पर्यटन विरासत को राज्य स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। स्टॉल के सफल समन्वय व संचालन में जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला, JSLPS के DPM जेवियर इक्का, जिला खेल समन्वयक अमन कुमार, गांडेय दस्तकार के संचालनकर्ता व परियोजना प्रबंधक शशांक शेखर व पूजा कुमारी, महिला कारीगर आशा कुमारी व ललिता देवी तथा जिला उद्योग केंद्र (DIC) के महाप्रबंधक के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही।
No Comment! Be the first one.