जमशेदपुर: शहर और आसपास के मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र से अच्छी खबर है। नए साल से टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज की तीन नई और आधुनिक सुविधाएं शुरू होने जा रही हैं।
NEWS SAGA DESK
जमशेदपुर: शहर और आसपास के मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र से अच्छी खबर है। नए साल से टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज की तीन नई और आधुनिक सुविधाएं शुरू होने जा रही हैं। अब यहां जटिल हर्निया की सर्जरी, आंखों की प्लास्टिक सर्जरी और फेफड़ों की कार्यक्षमता की आधुनिक जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। इन सेवाओं के शुरू होने से मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत कम होगी।
इन चिकित्सा सुविधाओं को शुरू करने की तैयारियों के तहत टाटा मोटर्स के मैनेजमेंट ट्रेनिंग सेंटर (MTC) में टाटा मोटर्स मेडिकल सोसाइटी का 52वां वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के अंतर्गत अस्पताल में विशेष मेडिकल वर्कशॉप भी हुई। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे विशेषज्ञ डॉक्टरों ने स्थानीय चिकित्सकों को नई सर्जिकल तकनीकों और आधुनिक मेडिकल उपकरणों के इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
बिना बड़े चीरे के होगी जटिल हर्निया की सर्जरी
वर्कशॉप में जटिल हर्निया के इलाज पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें लेप्रोस्कोपिक हर्निया सर्जरी के विशेषज्ञ डॉ. रमेश पुंजानी ने आधुनिक ऑपरेशन तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह बड़े चीरे के बिना भी जटिल हर्निया और पेट की मांसपेशियों की मरम्मत की जा सकती है। इसके साथ ही सर्जरी के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
आंखों की प्लास्टिक सर्जरी की मिलेगी आधुनिक सुविधा
आंखों से जुड़ी सर्जरी के सत्र में रिम्स, रांची के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दीपक लकड़ा ने चिकित्सकों को नई तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। इसमें आंसू की नली में रुकावट दूर करने और पलकों की सर्जरी के दौरान बारीक टांके लगाने की आधुनिक प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया।
प्रदूषण के बीच फेफड़ों की जांच होगी आसान
जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में वायु प्रदूषण और धूल के कारण सांस संबंधी बीमारियों का जोखिम बना रहता है। इसे देखते हुए फेफड़ों की जांच की सुविधा भी बेहतर की जा रही है। विशेषज्ञ डॉ. जगदीश लोहिया ने स्पाइरोमेट्री मशीन के इस्तेमाल और उसकी रिपोर्ट का विश्लेषण करने की जानकारी दी। इस जांच के जरिए फेफड़ों की कार्यक्षमता का आकलन किया जा सकेगा। इससे अस्थमा और फेफड़ों से जुड़ी अन्य बीमारियों की पहचान और उपचार में मदद मिलेगी।
आधुनिक तकनीक से मरीजों को मिलेगा लाभ
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों के अनुसार, बेहतर चिकित्सा सेवाओं के लिए डॉक्टरों का नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों से लगातार अपडेट रहना जरूरी है। इस कार्यशाला में कोल्हान समेत झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए डॉक्टरों ने भाग लिया।
No Comment! Be the first one.